अपडेटेड 20 March 2026 at 06:50 IST
Dhurandhar The Revenge Day 1: बॉक्स ऑफिस पर कहर बनकर टूटे रणवीर सिंह, ओपनिंग पर ही 100 करोड़ पार, तोड़े कई रिकॉर्ड
Dhurandhar The Revenge Box Office Collection Day 1: रणवीर सिंह की ‘धुरंधर द रिवेंज’ ने आते ही बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचा दी। ओपनिंग डे पर इसने ताबड़तोड़ कई रिकॉर्ड तोड़ डाले।
Dhurandhar The Revenge Box Office Collection Day 1: रणवीर सिंह की ‘धुरंधर द रिवेंज’ को लेकर फैंस जितना बेसब्र हो रहे थे, उतना शायद ही कभी किसी फिल्म को लेकर हुए हो। आदित्य धर ने पिछले साल 5 दिसंबर को धुरंधर नाम की फिल्म रिलीज कर स्पाई थ्रिलर फिल्मों का ऐसा बेंचमार्क सेट किया कि बाकी पुरानी हिट फिल्में भी फीकी लगने लगीं। तभी इसके सीक्वल का ऐलान हो गया था जिसने 19 मार्च (18 मार्च को पेड प्रीव्यू) को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक दी।
भारत के खिलाफ पाकिस्तान के नापाक मंसूबों की जासूसी करने वाले हिंदुस्तानी एजेंट हमजा अली मजारी के रूप में रणवीर ने बड़े पर्दे पर वापसी की। ‘धुरंधर द रिवेंज’ में उनकी असल पहचान से भी दर्शकों को रूबरू कराया गया जिसमें दिखाया गया कि कैसे फौज की ट्रेनिंग लेने वाला एक 21 साल का लड़का जसकीरत सिंह रंगी अपने पिता और बहन की हत्या का बदला लेता है। जसकीरत की बैक स्टोरी भी सीक्वल का हाइलाइट रही। कुल मिलाके, इसे शानदार रिव्यू मिल रहे हैं और बॉक्स ऑफिस पर भी इसने तबाही मचा दी।
‘धुरंधर द रिवेंज’ ने ओपनिंग पर मारी सेंचुरी
18 मार्च की शाम से ही थिएटर में ‘धुरंधर द रिवेंज’ के शो लगने शुरू हो गए थे। फिल्म शुरू होने में देरी हुई लेकिन दर्शक भी बिना मूवी देखे घर नहीं गए। उन गिने-चुने शो में भी आदित्य धर की फिल्म ने इतने कमा दिए कि अपनी ही ‘धुरंधर’ का रिकॉर्ड तोड़ डाला।
Sacnilk द्वारा दिए गए आंकड़ों की माने तो, ‘धुरंधर द रिवेंज’ ने 18 मार्च को पेड प्रीव्यू में 12,735 शो से लगभग 43 करोड़ रुपये की धुआंधार कमाई कर डाली। इसका मतलब ये है कि केवल आधे दिन से ही रणवीर सिंह स्टारर ने ‘धुरंधर’ के साथ-साथ ‘बॉर्डर’ 2 के ओपनिंग डे कलेक्शन को भी धूल चटा दी।
फिर आया 19 मार्च का ओपनिंग डे और इस दिन ‘धुरंधर द रिवेंज’ ऐसी आंधी लेकर आई कि पुरानी सभी फिल्मों के रिकॉर्ड बह गए। इस दिन अर्जुन रामपाल की फिल्म ने करीब 102.55 करोड़ रुपये की ताबड़तोड़ ओपनिंग की। इसमें से हिंदी में ही फिल्म ने 99.10 करोड़ रुपये कमा लिए थे। अब पेड प्रीव्यू और ओपनिंग डे कलेक्शन को मिलाकर ‘धुरंधर द रिवेंज’ के पहले दिन की कुल कमाई 145.55 करोड़ रुपये हो चुकी है। इसी के साथ फिल्म ने हिंदी सिनेमा में इतिहास भी रच दिया।
‘धुरंधर द रिवेंज’ ने ओपनिंग पर तोड़े कौन-कौन से रिकॉर्ड?
‘धुरंधर 2’ ने पहले दिन 145.55 करोड़ रुपये का कुल कलेक्शन किया है। इसी के साथ ये हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनर बन चुकी है। इसने शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जवान’ का ओपनिंग डे रिकॉर्ड तोड़ दिया है जिसने पहले दिन 75 करोड़ रुपये कमाए थे।
केवल हिंदी सिनेमा ही क्यों, ‘धुरंधर 2’ अब दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली भारतीय फिल्म भी बन चुकी है। पहले नंबर पर अभी भी अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ है जिसने भारत में डे 1 पर 164.25 करोड़ रुपये से शुरुआत की थी।
इसके अलावा, ‘धुरंधर 2’ इस साल की सबसे बड़ी बॉलीवुड ओपनर भी बन चुकी है। इसने सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ को पछाड़ दिया है जिसने 30 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। साथ ही साथ, ये भारत की भी 2026 की सबसे बड़ी ओपनर बनकर सामने आई है।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 20 March 2026 at 06:50 IST