अपडेटेड 13 January 2026 at 21:00 IST
Dhurandhar Box Office Records: 'धुरंधर' ने ताबड़तोड़ 11 रिकॉर्ड किए ध्वस्त...1260 करोड़ कमाकर कैसे बदल दी बॉक्स ऑफिस सुपरहिट की परिभाषा?
Dhurandhar Box Office Records: रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' को रिलीज हुए 40 दिन हो गए हैं। इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1250 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करके अब तक 11 रिकॉर्ड्स ध्वस्त कर डाले हैं।
Dhurandhar Box Office Records: रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर वो कर दिखाया है, जिसकी कल्पना भी मुश्किल मानी जा रही थी। बिना किसी हाई प्रमोशन और गैर-त्योहारी समय में रिलीज हुई इस फिल्म ने न सिर्फ पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर डाले हैं, बल्कि हिंदी सिनेमा के लिए नए मानक भी तय कर दिए। आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म 40 दिनों में वर्ल्डवाइड 1250 करोड़ रुपये से ज्यादा का आंकड़ा पार कर चुकी है। आइए जानते हैं कि अब तक फिल्म ने कौन-कौन से रिकॉर्ड्स तोड़े हैं।
भारत में अब तक की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बनी 'धुरंधर'
'धुरंधर' ने भारत में 40 दिनों के अंदर 809.82 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि के साथ फिल्म ने शाहरुख खान की 'जवान' को पीछे छोड़ते हुए भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म का खिताब अपने नाम कर लिया है। पांचवें हफ्ते में यह रिकॉर्ड टूटना अपने आप में एक बड़ी बात मानी जा रही है।
इंडियन सिनेमा की टॉप फिल्मों की लिस्ट में शामिल
सिर्फ हिंदी ही नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा के स्तर पर भी 'धुरंधर' का दबदबा साफ नजर आ रहा है। यह फिल्म भारत में चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन चुकी है और अब 'केजीएफ चैप्टर 2' को पीछे छोड़ने की ओर तेजी से बढ़ रही है। इससे आगे सिर्फ 'पुष्पा 2' और 'बाहुबली 2' जैसी मेगा ब्लॉकबस्टर फिल्में ही मौजूद हैं।
वर्ल्डवाइड कमाई में भी टॉप-5 में एंट्री
वर्ल्डवाइड कमाई में भी 'धुरंधर' ने शानदार प्रदर्शन किया है। 1259 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन के साथ यह फिल्म दुनिया भर में पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है और जल्द ही 'आरआरआर' के रिकॉर्ड को चुनौती देती नजर आ रही है।
रणवीर सिंह के करियर की सबसे बड़ी हिट
'धुरंधर' रणवीर सिंह के करियर की अब तक की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस फिल्म साबित हुई है। 'सिम्बा' के बाद यह उनकी पहली ऐसी फिल्म है जिसने ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर का दर्जा हासिल किया है। इस सफलता के साथ एक्टर की बॉक्स ऑफिस स्टार पावर पर उठ रहे सवालों पर भी विराम लग गया है।
आदित्य धर के लिए करियर टर्निंग पॉइंट
निर्देशक आदित्य धर के लिए 'धुरंधर' एक ऐतिहासिक उपलब्धि बन गई है। अब तक रिलीज हुई उनकी सभी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शत-प्रतिशत सफलता दर्ज कर ली है, जिससे वे राजकुमार हिरानी और रोहित शेट्टी जैसे चुनिंदा सफल डायरेक्टर्स की लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
ए-रेटेड फिल्मों के लिए नया रिकॉर्ड
'धुरंधर' ने ए-रेटेड फिल्मों के बॉक्स ऑफिस ट्रेंड को भी पूरी तरह बदल दिया है। इसने 'एनिमल' को पीछे छोड़ते हुए भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ए-रेटेड फिल्म का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जो हिंदी सिनेमा के लिए एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
रणवीर सिंह की एलीट बॉक्स ऑफिस क्लब में एंट्री
इस फिल्म के साथ रणवीर सिंह उन चुनिंदा स्टार्स की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने हाल के वर्षों में 500 करोड़ से ज्यादा की कमाई करने वाली फिल्में दी हैं। इस लिस्ट में पहले से शाहरुख खान, रणबीर कपूर और विक्की कौशल जैसे नाम शामिल हैं।
अक्षय खन्ना के लिए यादगार साल
'धुरंधर' ने अक्षय खन्ना के करियर में भी नया चैप्टर जोड़ दिया है। वे शाहरुख खान के बाद दूसरे ऐसे एक्टर बन गए हैं, जिन्होंने एक ही साल में दो 500 करोड़ से ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में अहम भूमिका निभाई है।
वीकेंड कलेक्शन में भी 'धुरंधर' का दबदबा
फिल्म ने दूसरे रविवार को 59 करोड़ रुपये की कमाई कर हिंदी सिनेमा का अब तक का सबसे बड़ा सेकेंड संडे कलेक्शन दर्ज किया। इसके दूसरे वीकेंड का कुल कलेक्शन भी अब तक का सबसे ज्यादा रहा है।
सबसे तेज 1000 करोड़ क्लब में एंट्री
'धुरंधर' ने रिकॉर्ड समय में 700, 800 और 1000 करोड़ के आंकड़े पार कर लिए हैं। यह उपलब्धि किसी भी हिंदी फिल्म ने इससे पहले इतनी तेजी से हासिल नहीं की थी।
गैर-त्योहारी रिलीज की परिभाषा बदली
5 दिसंबर को रिलीज हुई 'धुरंधर' ने यह साबित कर दिया कि बड़ी फिल्मों को हिट होने के लिए त्योहारों का इंतजार जरूरी नहीं होती है। इसकी सफलता ने बॉलीवुड की रिलीज स्ट्रैटेजी पर भी बड़ा असर डाला है।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 13 January 2026 at 21:00 IST