अपडेटेड 8 February 2026 at 07:36 IST

Dhurandhar Climax: रवि किशन की जगह रणवीर सिंह, सड़क की जगह जंगल...तो क्या भोजपुरी फिल्म से कॉपी किया गया ‘धुरंधर’ का क्लाइमैक्स? VIDEO

Dhurandhar Climax Scene: रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ के जबरदस्त क्लाइमैक्स की आज भी चर्चा हो रही है। हालांकि, अब ऐसा कहा जा रहा है कि ये सीन किसी भोजपुरी फिल्म से कॉपी किया गया है।

Dhurandhar Climax Scene | Image: instagram

Dhurandhar Climax Scene: रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ ने हिंदी सिनेमा में बड़ा इतिहास रच दिया है। ये अबतक सबसे ज्यादा कमाने वाली बॉलीवुड फिल्म बन चुकी है और दुनियाभर में भी 1300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर दिया है। वैसे तो फिल्म के हर एक सीन को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई लेकिन स्पेशल मेंशन इसके क्लाइमैक्स को दिया गया जिसमें हमजा बने रणवीर सिंह ने बड़ी ही बेरहमी से रहमान डकैत को मौत के घाट उतार दिया था।

आदित्य धर द्वारा बनाई गई ‘धुरंधर’ दो महीने के बाद भी बड़े पर्दे पर टिकी हुई है और धुआंधार कमाई कर रही है। फिल्म ने भारत में 800 करोड़ रुपये से ज्यादा का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कर लिया है। इस बीच, सोशल मीडिया पर इसे लेकर एक अजीबोगरीब दावा किया जा रहा है।

‘धुरंधर’ का क्लाइमैक्स भोजपुरी फिल्म से चुराया गया?

सोशल मीडिया पर एक छोटी सी वीडियो क्लिप वायरल हुई है, जिसमें भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन की फिल्म का एक सीन दिख रहा है। इस सीन में रवि किशन ड्राइविंग सीट पर बैठे हैं जबकि पीछे बैठा शख्स डरा-सहमा नजर आ रहा है। इस सीन को देखकर लोगों को अब ‘धुरंधर’ के क्लाइमैक्स की याद आ गई है।

अगर आपने रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ देखी है तो आपको याद होगा कि कैसे हमजा अली मजारी वो गाड़ी चला रहा था जिसमें गैंगस्टर रहमान डकैत बैठा हुआ था। हमजा ने उसे मारने की पूरी प्लानिंग कर रखी थी। वो रहमान की गाड़ी उसके सुरक्षा काफिले से दूर किसी जंगल के सुनसान रास्ते पर ले जाता है। रहमान डकैत भांप जाता है कि पक्का दाल में कुछ काला है। वो हमजा पर हमला करता है और तभी शुरू होता है उसकी मौत वाला दर्दनाक सीन।

अब रवि किशन की फिल्म में भी ऐसा ही मिलता-जुलता सीन दिखाया गया है। रवि ने विलेन को मारने की प्लानिंग की और उसी तरह उसकी गाड़ी को सुरक्षा काफिले से अलग एक पतले रास्ते पर ले जाता है। उसके हाथ में बंदूक होती है और वो विलेन को मार गिराता है। 

नेटिजंस ने पूछा- ‘आदित्य धर क्यों?’

अब एक एक्स यूजर ने इस सीन की क्लिप शेयर करते हुए लिखा- ‘क्यों आदित्य धर क्यों’। नेटिजंस भी इस वीडियो पर मजेदार रिएक्शन दे रहे हैं। एक ने लिखा- ‘इंस्पिरेशन तो कही से भी मिल सकती है, चाहे भोजपुरी हो या हॉलीवुड’। दूसरे ने कमेंट किया- ‘हमारे रवि भैया की तो बात ही अलग है’।

ये भी पढ़ेंः Border 2 Box Office Collection: 400 करोड़ के क्लब में सनी देओल स्टारर की एंट्री, धुआंधार कमाई से इन फिल्मों के तोड़े रिकॉर्ड

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 8 February 2026 at 07:36 IST