अपडेटेड 11 March 2026 at 16:48 IST

Dhurandhar 2 Vs Bhooth Bangla: 'धुरंधर 2' की नई चाल, क्या खतरे में पड़ गई अक्षय कुमार की 'भूत बंगला'?

Dhurandhar 2 Advance Booking: फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, लेकिन अभी से इसके पेड प्रीव्यू की एडवांस बुकिंग को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। वहीं ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली है, जो ‘धुरंधर 2’ की रिलीज के लगभग तीन हफ्ते बाद है।

धुरंधर 2 vs भूत बंगला | Image: Social Media

Akshay Kumar Vs Ranveer Singh Film: इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा चर्चा अगर किसी फिल्म की हो रही है, तो वह है 'धुरंधर 2 द रिवेंज'। रणवीर सिंह स्टारर यह स्पाई-एक्शन फिल्म रिलीज से पहले ही जबरदस्त बज बना चुकी है।

फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, लेकिन अभी से इसके पेड प्रीव्यू की एडवांस बुकिंग को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। खास बात यह है कि मल्टीप्लेक्स में शो तेजी से हाउसफुल हो रहे हैं, जबकि कई सिंगल-स्क्रीन थिएटर्स में अभी बुकिंग शुरू भी नहीं हुई है।

इसी बीच फिल्म के मेकर्स की एक नई मांग ने इंडस्ट्री में बहस छेड़ दी है, जिसका असर सीधे तौर पर 'भूत बंगला' पर पड़ सकता है, जिसमें अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में हैं।

'धुरंधर' के मेकर्स की बड़ी मांग

रिपोर्ट्स के मुताबिक जिओ स्टूडियोज ने सिंगल-स्क्रीन थिएटर्स के सामने एक खास शर्त रखी है। मेकर्स चाहते हैं कि देशभर के सिंगल-स्क्रीन सिनेमाघर लगातार 6 हफ्तों तक सिर्फ ‘धुरंधर 2’ के ही सभी शो चलाएं।

आमतौर पर बड़ी फिल्मों के लिए 2 से 3 हफ्तों तक सभी शो देने की मांग की जाती है, लेकिन 6 हफ्तों की यह डिमांड काफी असामान्य मानी जा रही है। इतना ही नहीं, मेकर्स ने यह भी कहा है कि इस दौरान कोई शो-शेयरिंग नहीं होगी, यानी दूसरे फिल्मों को जगह नहीं दी जाएगी।

‘भूत बंगला’ के लिए क्यों बन सकती है मुश्किल?

समस्या यह है कि ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली है, जो ‘धुरंधर 2’ की रिलीज के लगभग तीन हफ्ते बाद है।

अगर थिएटर्स 6 हफ्तों तक केवल ‘धुरंधर 2’ ही दिखाते हैं, तो सिंगल-स्क्रीन सिनेमाघरों में ‘भूत बंगला’ को स्क्रीन मिलना मुश्किल हो सकता है। खासकर टियर-2 और टियर-3 शहरों में इसका असर ज्यादा पड़ सकता है, जहां सिंगल-स्क्रीन थिएटर्स का दबदबा अभी भी काफी है।

थिएटर मालिकों की दुविधा

थिएटर मालिक भी इस मामले में असमंजस में हैं। उन्हें पता है कि ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कमाई कर सकती है, इसलिए वे फिल्म को दिखाने के लिए उत्साहित हैं।

लेकिन दूसरी तरफ वे प्रियदर्शन, एकता कपूर और अक्षय कुमार जैसे बड़े नामों से भी रिश्ते खराब नहीं करना चाहते, क्योंकि ये सभी ‘भूत बंगला’ से जुड़े हुए हैं। ऐसे में कई एग्ज़िबिटर्स चाहते हैं कि कम से कम एक-दो शो इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म को भी मिलें।

जियो स्टूडियो की लाइन में है अगली फिल्म

मामला यहीं खत्म नहीं होता है। जानकारी के मुताबिक जिओ स्टूडियोज अपनी अगली फिल्म 'राजा शिवाजी' के लिए भी दो हफ्तों तक सभी शो मांग रहा है। यह फिल्म 1 मई 2026 को रिलीज होने वाली है।

अगर ऐसा होता है तो ‘धुरंधर 2’ के 6 हफ्ते और ‘राजा शिवाजी’ के 2 हफ्ते मिलाकर जियो स्टूडियो लगातार 8 हफ्तों तक सिंगल-स्क्रीन थिएटर्स पर कब्जा करना चाहता है।

अब आगे क्या होगा?

फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि थिएटर मालिक और दूसरे फिल्म मेकर्स इस मामले में क्या फैसला लेते हैं। इंडस्ट्री के कई लोग मानते हैं कि फिल्मों को एक-दूसरे के साथ संतुलन बनाकर चलना चाहिए, ताकि सभी को बराबर मौका मिल सके।

अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या ‘धुरंधर 2’ की यह रणनीति सच में लागू हो पाएगी या फिर थिएटर मालिक कोई बीच का रास्ता निकालेंगे।

यह जरूर पढ़ें: Dhurandhar 2 Advance Booking: 'धुरंधर 2' का क्रेज हुआ आउट ऑफ कंट्रोल, धड़ल्ले से बिके 3100 रुपये के टिकट, फिर भी सारे शोज हाउसफुल

 

Published By : Samridhi Breja

पब्लिश्ड 11 March 2026 at 16:48 IST