‘तूने ये फिल्म क्यों की?’ फिल्म 'कलंक' के फ्लॉप होने पर संजय दत्त से डेविड धवन ने पूछा था सवाल; असफलता से वरुण का भी टूट गया था दिल
Film Kalank: फिल्म कलंक के फ्लॉप होने पर स्टारकास्ट को बड़ा झटका लगा था। इस दौरान डेविड धवन ने संजय दत्त से मजाकिया अंदाज में इस फिल्म को करने के कारण को पूछा था।
Film Kalank: 2019 में रिलीज हुई मल्टीस्टारर फिल्म ‘कलंक’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी असफल साबित हुई थी। हाल ही में फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में वरुण धवन और डेविड धवन ने इस फिल्म की नाकामी को लेकर खुलकर बात की थी। वरुण ने इसे अपने करियर की पहली बड़ी फ्लॉप बताया थी। वहीं डेविड धवन ने करण जौहर और संजय दत्त को लेकर मजेदार अंदाज में कई बातें कहीं थीं।
‘कलंक’ की असफलता ने तोड़ा था वरुण धवन का आत्मविश्वास
ट्रेलर लॉन्च के दौरान वरुण धवन ने कहा कि लगातार कई हिट फिल्मों के बाद जब ‘कलंक’ फ्लॉप हुई तो वह अंदर तक हिल गए थे। उन्होंने बताया कि उन्हें समझ ही नहीं आ रहा था कि आखिर ऐसा कैसे हो गया। एक्टर के मुताबिक उस वक्त उनके पिता डेविड धवन ने उन्हें समझाया था कि फिल्म इंडस्ट्री में सफलता और असफलता दोनों का सामना करना पड़ता है।
डेविड धवन ने दी अपने प्रतिक्रिया
डेविड धवन ने भी ‘कलंक’ को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह इतना बड़ा प्रोजेक्ट था कि करण जौहर ने इसे बनाने के लिए अपनी आखिरी कमीज तक बेच दी होगी। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म का बजट और मार्केटिंग खर्च करीब 150 करोड़ रुपये था, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी।
संजय दत्त को लेकर भी किया मजेदार कमेंट
इवेंट के दौरान डेविड धवन ने संजय दत्त को लेकर भी मजेदार किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने संजय से पूछा था कि आखिर उन्होंने यह फिल्म क्यों की, क्या सिर्फ माधुरी दीक्षित की वजह से उन्होंने इस फिल्म को चुनी थी। डेविड ने यह भी बताया कि फिल्म के दौरान संजय दत्त काफी नाराज थे। बता दें कि 90 के दशक में संजय दत्त और माधुरी दीक्षित के रिश्ते की खबरें काफी चर्चा में रही थीं।
‘है जवानी तो इश्क होना है’ होगी डेविड धवन की आखिरी फिल्म
डेविड धवन के निर्देशन में बनी ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म में मनीष पॉल, चंकी पांडे, जिमी शेरगिल और मौनी रॉय भी अहम भूमिकाओं में हैं। हाल ही में करण जौहर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया था कि यह डेविड धवन के निर्देशन करियर की आखिरी फिल्म होगी।
‘चुनरी चुनरी’ गाने को लेकर विवाद में फंसी फिल्म
फिल्म रिलीज से पहले विवादों में भी घिर गई है। निर्माता वाशु भगनानी ने आरोप लगाया है कि उनकी फिल्म ‘बीवी नंबर 1’ के फेमस गाने ‘चुनरी चुनरी’ का इस्तेमाल बिना अनुमति किया गया था। ट्रेलर लॉन्च के दौरान निर्माता रमेश तौरानी ने दावा किया कि मामला सुलझ चुका है। लेकिन वाशु भगनानी ने वीडियो जारी कर कहा कि विवाद अब भी खत्म नहीं हुआ है।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 25 May 2026 at 09:52 IST