अपडेटेड 22 August 2025 at 11:07 IST

The Bengal Files में तैमूर नाम पर विवाद, सैफ-करीना के बेटे पर तंज कसने का आरोप; अब विवेक अग्निहोत्री ने दी सफाई

फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने 'द बंगाल फाइल्स' के ट्रेलर में तैमूर नाम से जुड़े विवाद पर सफाई दी।

Vivek Agnihotri | Image: Instagram

Vivek Agnihotri: विवेक अग्निहोत्री इन दिनों अपनी 'द बंगाल फाइल्स' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। फिल्म के रिलीज हुए ट्रेलर में एक सीन दिखाया गया है जिसमें एक बच्चे का नाम तैमूर रखा गया है। इसी के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई कि उन्होंने सैफ अली खान और करीना कपूर के बेटे तैमूर पर तंज कसा है। अब इस पर फिल्ममेकर ने सफाई दी और कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है।

विवेक अग्निहोत्री हाल ही में एक पॉडकास्ट में पहुंचे थे जहां उन्होंने 'बंगाल फाइल्स', 'टीएमसी' से ऑफर समेत तमाम मुद्दों पर अपनी बात रखी। इसी दौरान उन्होंने 'तैमूर' से जुड़ी अटकलों पर भी अपना इरादा स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि ये सैफ और करीना पर कोई निजी टिप्पणी नहीं थी।

'तैमूर' रेफरेंस पर क्या बोले विवेक अग्निहोत्री?

दरअसल, शो में जब पूछा गया कि ट्रेलर में 'तैमूर' का जो रेफरेंस दिया गया है वो सैफ और करीना के बेटे पर कमेंट है? इस पर विवेक अग्निहोत्री ने कहा, 'बहुत से लोगों का नाम तैमूर रखा जाता है। वो अपने बच्चे का नाम तैमूर रखने वाले पहले नहीं हैं। मैं समझाता हूं।'

विवेक अग्निहोत्री ने सुनाया किस्सा

उन्होंने आगे बताते हुए कहा, 'जब मैं समरकंद में 'द ताशकंद फाइल्स' की शूटिंग के लिए गया था, तो तैमूर के मकबरे पर गया। उसके बाहर लिखा है, 'उसने दुनिया की सबसे अमीर सल्तनत को फतह किया। यह दिल्ली सल्तनत थी। वो उसे बादशाह का खिताब देने वाले थे, लेकिन उसने मना कर दिया और कहा कि जब तक वो दिल्ली फतह नहीं कर लेता, वो इसे स्वीकार नहीं करेगा।'

'तैमूर ने लाखों का कत्लेआम किया'

अग्निहोत्री ने आगे कहा, ‘तैमूर ने एक रात में एक लाख लोगों का दिल्ली में कत्लेआम किया। जब वो यहां (दिल्ली) से निकला तो हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और रास्ते में जितने भी गांव आए उन्हें जलाता चला गया, लोगों को मारता चला गया और औरतों को उठाता चला गया। हां, वो अपने देश में हीरो है, हमारे लिए नहीं। ऐसे में तैमूर नाम क्यों रखना चाहिए? बिल्कुल नहीं रखना चाहिए। सवाल ही नहीं उठता है।’

'द बंगाल फाइल्स' कब होगी रिलीज?

'द बंगाल फाइल्स' 5 सितंबर को रिलीज होगी। इसमें पल्लवी जोशी, मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, शाश्वत चटर्जी और दर्शन कुमार जैसे सेलेब्स अहम भूमिका में हैं। फिल्म में खुद विवेक अग्निहोत्री भी नजर आएंगे।

यह भी पढ़ें: 'जब मैंने घर छोड़ा और...', बच्ची क्यों गोद लेना चाहती हैं जैस्मिन भसीन? आस्क मी एनीथिंग सेशन में बताई दिल की बात

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 22 August 2025 at 11:07 IST