अपडेटेड 13 March 2026 at 16:28 IST
'धुरंधर 2' संग निकल आया 'कॉकटेल 2' का कनेक्शन, शाहिद कपूर के साथ कृति सैनन और रश्मिका मंदाना फिल्म की तारीख आई सामने
Cocktail 2 Release Date: 'कॉकटेल 2' की रिलीज डेट सामने आ गई है। इसके साथ ही रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' के साथ शाहिद कपूर के साथ कृति सैनन और रश्मिका मंदाना की फिल्म का कनेक्शन निकल आया है।
Cocktail 2 Release Date: साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म कॉकटेल ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। दीपिका पादुकोण, सैफ अली खान और डायना पेंटी की इस फिल्म को उसकी अलग कहानी और किरदारों के लिए काफी पसंद किया गया था। अब कई साल बाद निर्देशक होमी अदजानिया 'कॉकटेल 2' के साथ वापसी करने जा रहे हैं। इस बार फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी और अब इसकी रिलीज डेट भी सामने आ गई है। इसके साथ ही रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' से भी इस फिल्म का कनेक्शन जुड़ गया है।
कॉकटेल 2 की रिलीज डेट का ऐलान
काफी समय से कॉकटेल 2 की रिलीज को लेकर अलग-अलग तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। पहले खबरें थीं कि यह फिल्म अक्टूबर 2026 के आसपास रिलीज हो सकती है। हालांकि अब शाहिद कपूर ने खुद इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। एक्टर ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। कॉकटेल 2 अब 19 जून 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फर्स्ट लुक और टीजर को लेकर बड़ा अपडेट
13 मार्च को शाहिद कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की, जिसे फिल्म से जुड़ा माना जा रहा है। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने फिल्म की रिलीज डेट के साथ-साथ फर्स्ट लुक को लेकर भी जानकारी दी। शाहिद ने बताया कि कॉकटेल 2 की पहली झलक 18 मार्च को सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी। बताया जा रहा है कि यह टीजर रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 के साथ थिएटर में दिखाया जाएगा।
सोशल मीडिया पर फैंस ने दिए रिएक्शन
जैसे ही शाहिद कपूर ने यह घोषणा की, सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई यूजर्स ने उनकी पोस्ट पर कमेंट करते हुए फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की। एक फैन ने लिखा कि शाहिद कपूर का दौर फिर से वापस आ गया है। वहीं एक अन्य यूजर ने एक्टर की स्टाइलिश लुक की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद हैंडसम लग रहे हैं। कुछ फैंस ने यह भी कहा कि बॉलीवुड को ऐसी हल्की-फुल्की रोमांटिक कॉमेडी फिल्मों की जरूरत है।
कहानी को लेकर आई जानकारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कॉकटेल 2 की कहानी मॉडर्न रिलेशनशिप पर आधारित हो सकती है। बताया जा रहा है कि फिल्म में कृति सैनन और रश्मिका मंदाना एक कपल के रूप में नजर आ सकती हैं, जबकि शाहिद कपूर तीसरे अहम किरदार में दिखाई देंगे। हालांकि फिल्म की कहानी को लेकर अभी तक मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
शाहिद कपूर की पिछली फिल्म
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहिद कपूर को आखिरी बार विशाल भारद्वाज की फिल्म ओ रोमियो में देखा गया था, जिसमें उनके साथ तृप्ति डिमरी और अविनाश तिवारी भी नजर आए थे। इस फिल्म में शाहिद के अभिनय की काफी सराहना हुई थी और उनके किरदार की ऊर्जा ने दर्शकों को उड़ता पंजाब में निभाए उनके दमदार रोल की याद दिला दी थी।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 13 March 2026 at 16:28 IST