अपडेटेड 1 February 2026 at 23:43 IST

Border 2 Vs Mardaani 3: सनी देओल की 'बॉर्डर 2' के आगे फीकी पड़ी रानी की 'मर्दानी 3', रविवार को इतनी की कमाई

Box Office Collection On Weekend: बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ का दबदबा साफ नजर आ रहा है, जबकि रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ संघर्ष करती दिख रही है। आने वाले दिनों में देखना दिलचस्प होगा कि मर्दानी 3 अपनी पकड़ बना पाती है या नहीं।

बॉर्डर 2 Vs मर्दानी 3 | Image: Social Media

Border 2 Vs Mardaani 3 Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों सनी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का जबरदस्त जलवा देखने को मिल रहा है। ‘धुरंधर’ के बाद सिनेमाघरों में आई इस वॉर ड्रामा फिल्म ने कमाई के मामले में सुनामी ला दी है। 26 जनवरी के मौके पर रिलीज हुई बॉर्डर 2 को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है और यही वजह है कि फिल्म लगातार रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है।

वहीं दूसरी तरफ, हाल ही में रिलीज हुई रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ इस सुनामी में फंसती नजर आ रही है। बॉर्डर 2 के आगे मर्दानी 3 की कमाई टिक नहीं पा रही है। तो चलिए जानते हैं दोनों फिल्मों के वीकेंड कलेक्शन के बारे में।

बॉर्डर 2 की दमदार कमाई

आज 1 फरवरी, रविवार को सामने आए शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, बॉर्डर 2 ने अपने दूसरे रविवार को करीब 22.50 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। अब तक फिल्म ने 10 दिनों में कुल 275.25 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन कर लिया है। सनी देओल की यह फिल्म हर दिन बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से आगे बढ़ रही है।

बॉर्डर 2 के सामने नहीं चल पाई मर्दानी 3

बॉर्डर 2 की तगड़ी कमाई का असर साफ तौर पर मर्दानी 3 पर देखने को मिल रहा है। रानी मुखर्जी की इस फिल्म ने अपने पहले शनिवार को 7.25 करोड़ रुपये कमाए, जबकि रविवार को करीब 6.34 करोड़ रुपये की कमाई हुई। अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन 17.50 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है। पहले वीकेंड में ही मर्दानी 3 कोई खास कमाल नहीं दिखा सकी है।

बॉर्डर 2 और मर्दानी 3 की रिलीज डेट

सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ स्टारर ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को रिलीज हुई थी और इसे 26 जनवरी की छुट्टी का बड़ा फायदा मिला। वहीं ‘मर्दानी 3’ ने 30 जनवरी को सिनेमाघरों में एंट्री की थी। दोनों फिल्मों को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला, लेकिन कमाई के मामले में बॉर्डर 2 साफ तौर पर आगे निकल चुकी है।

मर्दानी 3 के लिए आगे का रास्ता चुनौतीपूर्ण

बॉर्डर 2 जैसी बड़ी फिल्म के बाद मर्दानी 3 का रिलीज होना मेकर्स के लिए नुकसान का सौदा साबित होता दिख रहा है। इससे पहले भी ‘धुरंधर’ के बाद रिलीज हुई फिल्मों को इसी तरह का नुकसान झेलना पड़ा था।  अब उम्मीद यही की जा रही है कि करीब 75 करोड़ रुपये के बजट में बनी मर्दानी 3 आने वाले दिनों में अपनी लागत निकालने में कामयाब हो जाए। हालांकि, बॉर्डर 2 की रफ्तार को देखते हुए यह राह आसान नहीं लग रही।

फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ का दबदबा साफ नजर आ रहा है, जबकि रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ संघर्ष करती दिख रही है। आने वाले दिनों में देखना दिलचस्प होगा कि मर्दानी 3 अपनी पकड़ बना पाती है या नहीं।

यह जरूर पढ़ें: Border 2 BTS: सामने आया अहान शेट्टी का Behind The Scene Video, असल में कहां हुई है फिल्म 'बॉर्डर 2' की शूटिंग? देखकर चौंक जाएंगे आप

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 1 February 2026 at 22:48 IST