Bhooth Bangla OTT Release: थिएटर के बाद OTT पर धमाका करेगी ‘भूत बंगला’, जानिए कब और कहां देख पाएंगे अक्षय कुमार की फिल्म

Bhooth Bangla OTT Release: अक्षय कुमार और वामिका गब्बी की फिल्म 'भूत बंगला' अब सिनेमाघरों के बाद ओटीटी पर रिलीज होने को तैयार है। आइए जानते हैं ये फिल्म कब और कौन से प्लेटफॉर्म पर आएगी।

Bhooth Bangla OTT Release | Image: Balaji

Bhooth Bangla OTT Release: अक्षय कुमार और वामिका गब्बी स्टारर हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ अब जल्द ही सिनेमाघरों से निकलकर ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। निर्देशक प्रियदर्शन की इस फिल्म को रिलीज हुए छह सप्ताह पूरे हो चुके हैं और अब इसकी थिएटर कमाई की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है। ऐसे में जो दर्शक अब तक फिल्म नहीं देख पाए हैं, उनके लिए अच्छी खबर है कि जल्द ही यह फिल्म घर बैठे देखने के लिए उपलब्ध होगी।

OTT पर कब और कहां रिलीज होगी फिल्म?

रिपोर्ट्स के मुताबिक लगभग 120 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘भूत बंगला’ के डिजिटल राइट्स नेटफ्लिक्स को 60 करोड़ रुपये में बेचे गए हैं। इसके अलावा फिल्म के सैटेलाइट राइट्स जी सिनेमा ने 25 करोड़ रुपये में खरीदे हैं, जबकि म्यूजिक राइट्स के लिए जी म्यूजिक के साथ 10 करोड़ रुपये की डील हुई है। इसी वजह से फिल्म सबसे पहले ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी और बाद में इसका वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर जी सिनेमा पर किया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार फिल्म 12 जून को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जा सकती है।

बॉक्स ऑफिस पर कैसा रहा फिल्म का प्रदर्शन?

कमाई की बात करें तो ‘भूत बंगला’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर शनिवार तक 178 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। वहीं वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन के मामले में फिल्म 211 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। फिल्म ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं और दर्शकों से भी इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ओटीटी रिलीज से पहले फिल्म कोई नया रिकॉर्ड बना पाती है या नहीं।

क्या है ‘भूत बंगला’ की कहानी?

फिल्म की कहानी अर्जुन आचार्य नाम के एक व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार अक्षय कुमार ने निभाया है। अर्जुन को अपने पूर्वजों की एक बड़ी जागीर विरासत में मिलती है, जो एक दूरदराज गांव में स्थित होती है। आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा अर्जुन गांव वालों की चेतावनियों को नजरअंदाज कर अपनी बहन की शादी उसी महल में कराने का फैसला करता है। लेकिन गांव में वधूसुर नाम के एक खतरनाक राक्षस का आतंक फैला हुआ है, जो शादी की रात नवविवाहित दुल्हनों को अपना शिकार बनाता है। ऐसे में अर्जुन के सामने अपनी बहन की सुरक्षा और शादी को सफल बनाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो जाती है। क्या वह इस दुष्ट शक्ति का सामना कर पाएगा और अपनी बहन की शादी बचा पाएगा? इन सवालों के जवाब फिल्म की कहानी में छिपे हैं।

दर्शकों को पसंद आई हॉरर और कॉमेडी की जुगलबंदी

‘भूत बंगला’ में हॉरर और कॉमेडी का मिक्चर देखने को मिलता है। अक्षय कुमार और वामिका गब्बी की एक्टिंग के साथ-साथ प्रियदर्शन का निर्देशन भी दर्शकों को पसंद आया है। यही वजह है कि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की वर्ल्डवाइड कमाई दर्ज की और अब ओटीटी रिलीज को लेकर भी दर्शकों में उत्साह बना हुआ है।

यह भी पढ़ें: सूर्या और मोहनलाल की जंग, जानें ‘करुप्पू’- ‘दृश्यम 3’ में कौन निकला आगे

Published By : Kirti Soni

पब्लिश्ड 31 May 2026 at 09:25 IST