'न डरा था, न डरा हूं, न डरूंगा', राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बयान को लेकर घिरे अनुपम खेर ने जारी किया VIDEO, कहा- अपने हर शब्द पर कायम हूं

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को 'छोटी घटना' बताने पर ट्रोल हुए अभिनेता अनुपम खेर ने वीडियो जारी कर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। एक्टर ने साफ किया कि वे न पहले कभी डरे हैं और न आगे डरेंगे, वे आज भी पूरी ईमानदारी से अपने हर शब्द पर कायम हैं।

अनुपम खेर ने जारी किया VIDEO | Image: X

Anupam Kher: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अपने हालिया बयान को लेकर बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर विवादों में घिरे हुए हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें बुरी तरह से ट्रोल किया जा रहा है। अब अपने बचाव में अनुपम ने एक वीडियो जारी की और कहा है कि उनकी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। एक्टर ने कहा कि वे आज भी अपने हर शब्द पर कायम हैं।

अनुपम खेर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो जारी की। उन्होंने उन लोगों पर भी सवाल उठाए जो नसीरुद्दीन शाह की आलोचना करने के लिए सोशल मीडिया पर उनका पुराना वीडियो शेयर कर रहे हैं। एक्टर ने साफ किया कि उनके बीच सब ठीक है।

अनुपम खेर ने जारी किया VIDEO

अनुपम खेर ने कहा, "मैंने अपने दिल की बात कही। कुछ लोगों को अच्छा नहीं लगा। उन्हें लगा कि ये तो उनके एंजेडा के खिलाफ हो गया। पूरा इकोसिस्टम मेरे पीछे पड़ गया। कितनी मेहनत की लोगों ने।"

एक्टर ने कहा कि मुझे लगा कि मैं नेशनल मुद्दा बन गया हूं। मैं जो कुछ भी बना हूं अपने बलबुते पर बना हूं, अपने पूरे संस्कारों को लेकर इस मुकाम पर पहुंचा हूं। मुझे आप क्या डराओगे? आप करते रहे, मैं सत्य का साथ दूंगा। अयोध्या में तो और भी शक्ति मिलती है। अपने आप से कहने का मन करता है कि सच बोल, जीत तेरी होगी।

कुछ लोगों को सच से ज्यादा एक मुद्दा चाहिए- अनुपम खेर

वीडियो को शेयर करते हुए अनुपम खेर ने लिखा, "सच से लोगों को सबसे ज्यादा डर तब लगता है, जब वह उनके एजेंडे के अनुकूल नहीं होता। कुछ दिन पहले मैंने राम मंदिर में हुई चोरी के बारे में जो कहा, पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी से कहा। आज भी अपने हर शब्द पर कायम हूं, लेकिन कुछ लोगों को सच से ज्यादा एक मुद्दा चाहिए होता है। उन्हें बहस चाहिए, विवाद चाहिए, शोर चाहिए, इसलिए बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।

एक्टर ने कहा कि मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं मैं न पहले कभी डरा हूं, न आज डरता हूं, और न आगे डरूंगा। ट्रोल्स हों, तथाकथित इन्फ्लुएंसर्स हों या नेता, किसी के शोर से मेरी बात नहीं बदलेगी। जो मुझे सही लगेगा, मैं वही कहूंगा। आप सहमत हों या असहमत, यह आपका अधिकार है, लेकिन सच बोलना मेरा अधिकार भी है और मेरा कर्तव्य भी। बाकी… जिसे जो करना है, वह करे। मैं जैसा हूं, वैसा ही रहूंगा।

क्या कहा था अनुपम खेर ने…?

बता दें कि हाल ही में राम मंदिर में चोरी की घटना पर टिप्पणी करते हुए अनुपम खेर ने इसे एक छोटी-मोटी घटना बताया था। उन्होंने इसकी तुलना मुगलों के समय हुई बड़ी लूटपाट और तबाही से की थी।

एक्टर ने फिल्म 'श्री रामभूमि' में नजर आने वाले हैं, जिसकी हाल ही में उन्होंने घोषणा की थी। इस फिल्म में वह अशोक सिंघल जी की भूमिका निभा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: 'हमारी शादी का मजाक उड़ाने वाले अब खुद मुश्किल में हैं', गौरव खन्ना-आकांक्षा चमोला के अलग होने पर रुबीना और अभिनव ने कसा तंज

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 14 July 2026 at 11:00 IST