'बच गए...', अमिताभ बच्चन की क्रिप्टिक पोस्ट ने बढ़ाई हलचल, किस ओर 'बिग बी' का इशारा?
बम की धमकी के बीच अमिताभ बच्चन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया है। फैंस इसके अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read
Amitabh Bachchan: सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई वाले बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद से ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस बीच अमिताभ बच्चन का एक क्रिप्टिक पोस्ट सामने आया है, जिसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है।
बिग बी ने अपने ऑफिशियल 'एक्स' हैंडल से महज दो शब्दों का एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें लिखा है-'सर्वाइव्ड' यानी 'बच गए'। अमिताभ बच्चन का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अब उनके फैंस इसके अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं।
हालिया धमकियों से जोड़कर देख रहे फैंस
कई लोग 'शहंशाह' के इस पोस्ट को सीधे तौर पर उन्हें मिल रही हालिया धमकियों से जोड़कर देख रहे हैं। वहीं फैंस लगातार कमेंट्स के जरिए उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
दो शार्प शूटर्स गिरफ्तार
गौरतलब है कि गुरुवार को एक ईमेल के जरिए अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी और उन्होंने बिग बी के घर के बाहर फायरिंग की साजिश रचने वाले दो शार्प शूटर्स को गिरफ्तार कर लिया।
अमिताभ बच्चन को क्यों बनाया जा रहा निशाना?
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों शूटर्स की पहचान हो गई है। इनमें से एक आरोपी विकास ठाकुर जालंधर का निवासी है, जबकि दूसरा शूटर दीपक सिंह तरनतारन का रहने वाला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के इशारे पर काम करते हैं। शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि 1984 के सिख दंगों को लेकर अमिताभ के एक कथित बयान के चलते उन्हें निशाना बनाने की साजिश रची जा रही थी।
बिग बी का संडे दर्शन जारी
बता दें कि धमकियों के बावजूद 'बिग बी' अपने फैंस को निराश नहीं कर रहे हैं। वे अपनी पुरानी परंपरा कायम रखते हुए 'संडे दर्शन' के लिए आ रहे हैं। रविवार को भी 'जलसा' के बाहर भारी पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के बीच उन्होंने फैंस का अभिवादन किया।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 16 November 2026 at 14:05 IST