Cheque Bounce Case: राजपाल यादव के बाद अब अमीषा पटेल की बारी? वारंट जारी होने पर एक्ट्रेस ने तोड़ी चुप्पी; कानूनी कार्रवाई की कही बात
मशहूर कॉमेडी एक्टर राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में बीते दिन अंतरिम जमानत मिल गई, लेकिन अब बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल कानूनी पचड़े में फंसती नजर आ रही हैं। एक्ट्रेस के खिलाफ कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी किया, जिस पर उन्होंने चुप्पी तोड़ी है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Ameesha Patel: राजपाल यादव के चेक बाउंस मामले के बाद अब अमीषा पटेल कानूनी पचड़े में फंस गई हैं। उनके खिलाफ चेक बाउंस मामले में गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। यह मामला मुरादाबाद की एक कंपनी के मालिक पवन कुमार वर्मा ने दर्ज कराया है। अब इस पूरे मामले पर खुद एक्ट्रेस ने चुप्पी तोड़ी है।
'गदर' फेम एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर शेयर की स्टोरी में अपना पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि ये बहुत साल पुराना मामला है। उन पर झूठे आरोप लगाकर कार्रवाई की जा रही है।
गैर जमानती वारंट जारी होने पर बोलीं अमीषा पटेल
अमीषा पटेल ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर लिखा, 'मीडिया रिपोर्ट्स में मुरादाबाद के पवन वर्मा नामक व्यक्ति द्वारा की गई कुछ कार्रवाई का जिक्र हो रहा है। मैं सभी को बताना चाहती हूं कि ये कई साल पुराना मामला है। उस समय पवन वर्मा ने समझौता पत्र पर साइन किए थे और तय की गई पूरी रकम भी ले ली थी। इसके बावजूद अब झूठे आरोप लगाकर फिर से कार्रवाई कर रहे हैं।'
मेरे वकील कानूनी कार्रवाई कर रहे- एक्ट्रेस
उन्होंने आगे लिखा, 'मेरे वकील उनके झूठे दावों को उजागर करने के लिए उसके खिलाफ धोखाधड़ी की उचित आपराधिक कार्रवाई शुरू कर रहे हैं। वहीं मैं अपने काम पर फोकस करना चाहती हूं और ऐसे लोगों को नजरअंदाज करना चाहती हूं जो झूठे आरोप लगाकर सिर्फ अटेंशन पाना चाह रहे हैं।'
यह पूरा मामला तब सामने आया जब सोमवार को एक्ट्रेस निर्धारित सुनवाई में पेश नहीं हुईं। उनके अनुपस्थित रहने के कारण मुरादाबाद एसीजेएम-5 कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया। अब उन्हें 27 मार्च को कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
साल 2017 में मुरादाबाद के इवेंट मैनेजर पवन वर्मा ने अमीषा पटेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप के मुताबिक, एक्ट्रेस को एक हाईप्रोफाइल शाादी में परफॉर्म करन के लिए बुलाया गया था। इसके लिए उन्हें लगभग 11 लाख की एडवांस पेमेंट भी मिल चुकी थी। लेकिन प्रोग्राम से ठीक पहले उन्होंने अपनी परफॉर्मेंस कैंसिल कर दी। इससे आयोजकों का काफी नुकसान हुआ।
राजपाल यादव को मिली अंतरिम जमानत
बता दें कि इससे पहले बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव को लगभग 9 करोड़ के चेक बाउंस मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा था। 16 फरवरी को दिल्ली हाई कोर्ट में उनकी जमानत को लेकर हुई सुनवाई में राजपाल यादव को बड़ी राहत मिली। उन्हें 18 मार्च तक अंतरिम जमानत मिल चुकी है।
कोर्ट ने एक्टर राजपाल यादव के वकील को अंतरिम जमानत के लिए प्रतिवादी के नाम पर 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करने का आदेश दिया था। इसके लिए कोर्ट ने सोमवार दोपहर 3 बजे तक का समय दिया था।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 17 February 2026 at 09:54 IST