Alpha Advance Booking: 'अल्फा' की सॉलिड बुकिंग, क्या आलिया भट्ट खुद तोड़ेंगी अपनी ही फिल्म 'गंगूबाई' का रिकॉर्ड?

बॉलीवुड की 'लेडी सुपरस्टार' आलिया भट्ट एक बार फिर सिनेमाघरों में तहलका मचाने के लिए तैयार हैं। उनकी फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज बना हुआ है। यह फिल्म आलिया के करियर का अब तक का सबसे बड़ा बॉक्स ऑफिस टेस्ट मानी जा रही है।

alpha-advance-booking-box-office-collection-alia-bhatt-solo-opening-record-own-film-Gangubai | Image: IMDb

आज शुक्रवार को सिनेमाघरों में 'अल्फा' की दस्तक के साथ ही बॉलीवुड की 'क्वीन' आलिया भट्ट का एक बड़ा टेस्ट शुरू हो चुका है। यशराज फिल्म्स का 'स्पाई-यूनिवर्स' अमूमन बड़े-बड़े हीरोज और उनके धांसू एक्शन के भरोसे ही बॉक्स ऑफिस पर राज करता आया है। 'एक था टाइगर' से शुरू हुए इस सफर ने 'वॉर' और 'पठान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। लेकिन इतिहास में पहली बार, इस यूनिवर्स की कमान पूरी तरह फीमेल लीड्स के हाथों में है, जिसे आलिया भट्ट लीड कर रही हैं और उनका साथ दे रही हैं स्टार शरवरी।

पिछले एक दशक में आलिया ने खुद को सबसे कामयाब सोलो हिट्स देने वाली एक्ट्रेस के रूप में स्थापित किया है। यही वजह है कि मेकर्स ने 'अल्फा' जैसी मेगा-बजट फिल्म का पूरा वजन उनके कंधों पर डाल दिया। अब यही सवाल है कि क्या 'अल्फा' बॉक्स ऑफिस पर एक दमदार ओपनिंग ले पाएगी?

एडवांस बुकिंग और ओपनिंग का अनुमान

शुरुआत में फिल्म की एडवांस बुकिंग की रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर थी, लेकिन गुरुवार सुबह से ही दर्शकों की दिलचस्पी अचानक बढ़ गई। गुरुवार रात तक 'बुक माय शो' पर हर घंटे 4 हजार से ज्यादा टिकट बुक हो रहे थे।

ट्रेड पोर्टल सैकनिल्क के मुताबिक, गुरुवार रात तक फिल्म के करीब 70 हजार टिकट एडवांस में बिक चुके थे, जिससे लगभग 2.26 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन हुआ। ब्लॉक सीट्स को मिलाकर यह आंकड़ा 4.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इस शानदार रिस्पॉन्स को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि 'अल्फा' अपने पहले दिन 7 से 9 करोड़ रुपये का बिजनेस आसानी से कर सकती है।

बिना हीरो आलिया का बॉक्स ऑफिस ट्रैक रिकॉर्ड

आलिया भट्ट ने अपने करियर की शुरुआत में ही 'हाईवे' (2014) और 'डियर जिंदगी' (2016) जैसी फिल्मों से साबित कर दिया था कि उन्हें फिल्म चलाने के लिए किसी बड़े मेल स्टार की जरूरत नहीं है। इसके बाद 'राजी' (2018) और 'गंगूबाई काठियावाड़ी' (2022) ने 100 करोड़ के क्लब में शामिल होकर नया इतिहास रचा। हालांकि, उनकी पिछली सोलो रिलीज 'जिगरा' (2024) बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो गई थी।

गंगूबाई काठियावाड़ी के पहले दिन का कलेक्शन 10.50 करोड़ था। वहीं डियर जिंदगी 8.75 करोड़ के क्लब में शामिल था। राजी 7.53 करोड़ तो जिगरा  4.55 करोड़ और हाईवे 3.42 करोड़ में शामिल थी। अगर 'अल्फा' उम्मीद के मुताबिक 9 करोड़ के आंकड़े को छूती है, तो यह 'गंगूबाई' के बाद आलिया की दूसरी सबसे बड़ी सोलो ओपनर बन जाएगी। अब देखना यह है कि आज यह फीमेल स्पाई जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा धमाका करती है। 

ये भी पढ़ें - ये मौसम और तुम...विक्की कौशल ने पत्नी कैटरीना कैफ के साथ शेयर की मानसून की खास तस्वीर, फैंस बोले- 'परफेक्ट कपल'
 

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 3 July 2026 at 10:05 IST