Alpha: सेंसर बोर्ड से पास हुई आलिया-शरवरी की 'अल्फा', U/A सर्टिफिकेट के साथ फिल्म पर चली कैंची

Alpha: आलिया भट्ट और शरवरी की फिल्म 'अल्फा' को सेंसर बोर्ड की तरफ से U/A सर्टिफिकेट मिल गया है। इसके साथ फिल्म में कुछ बदलाव भी किए गए हैं।

Alpha-Alia Bhatt, Sharvari | Image: Republic

Alpha: आलिया भट्ट और शरवरी की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'अल्फा' को रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड यानी सीबीएफसी से मंजूरी मिल गई है। राहत की बात यह है कि फिल्म में बहुत कम बदलाव किए गए हैं। मेकर्स को ज्यादा कट्स का सामना नहीं करना पड़ा और फिल्म को यू/ए सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया गया है।

सेंसर बोर्ड के निर्देश में किए गए कुछ बदलाव

सेंसर बोर्ड की एग्जामिनिंग कमेटी ने फिल्म 'अल्फा' की शुरुआत में दिखाए जाने वाले डिस्क्लेमर को दोबारा लिखने का सुझाव दिया है। फिल्म के सभी गानों में सबटाइटल जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही यशराज फिल्म्स से कहा गया है कि 'अल्फा' के ओपनिंग कार्ड्स और एंड क्रेडिट्स हिंदी भाषा में दिखाए जाएं। जहां-जहां फिल्म में शराब पीने वाले सीन्स हैं, वहां एंटी-अल्कोहल स्टैटिक वार्निंग लगाने के लिए भी कहा गया है। इसके अलावा फिल्म में काम करने वाले चाइल्ड आर्टेस्ट के माता- पिता से सहमति पत्र जमा कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

हिंसक सीन्स पर चली कैंची

फिल्म में कुछ खास सीन्स को लेकर भी बदलाव किए गए हैं। पहले हाफ में दो जगहों पर विजुअल्स को कम करके उनकी जगह नए विजुअल्स जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरे हाफ में बार-बार चाकू मारने वाले हिंसक सीन को कम किया गया है। फिल्म के पहले हाफ में इस्तेमाल किए गए एक अभद्र शब्द को भी हटाने के लिए कहा गया है।

क्या है फिल्म का रनटाइम और रिलीज डेट

सभी जरूरी बदलावों के बाद फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया। फिल्म की कुल अवधि 2 घंटे 20 मिनट 48 सेकंड तय की गई है। इसमें पहला हाफ 1 घंटा 13 मिनट 32 सेकंड और दूसरा हाफ 1 घंटा 7 मिनट 16 सेकंड का है। शिव रवैल के निर्देशन में बनी यह फिल्म यशराज स्पाई यूनिवर्स का एक अहम हिस्सा है। फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसमें आलिया और शरवरी एक्शन अवतार में नजर आएंगी और बॉबी देओल विलेन की भूमिका में दिखेंगे।

यह भी पढ़ें: सफेद स्लीवलेस गाउन, आंखों में काला चश्मा और खुले बाल... Mouni Roy फोटोज

Published By : Kirti Soni

पब्लिश्ड 30 June 2026 at 20:50 IST