अपडेटेड 16 September 2025 at 17:11 IST
Ajey Movie: पढ़ाई में अव्वल लेकिन मन संन्यास में... मुख्यमंत्री बनने से पहले CM योगी की जिंदगी कैसी थी? पहली बार देखेगी जनता
Ajey Movie: कैसे अजय सिंह बिष्ट एक योगी बनकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने, यही रवींद्र गौतम द्वारा निर्देशित फिल्म 'अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी' में देखने को मिलेगा।
Ajey Movie: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के जीवन पर बनी बायोपिक 'अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी' जल्द सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसमें आपको कहानी दिखाई जाएगी अजय सिंह बिष्ट नाम के एक नौजवान की, जिसने हिमालय की गोद से निकलकर देश की राजनीति के केंद्र तक का सफर तय किया।
कैसे अजय सिंह बिष्ट एक योगी बनकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने, यही रवींद्र गौतम द्वारा निर्देशित फिल्म में देखने को मिलेगा। सीएम योगी की जिंदगी का वो पहलु, जो ज्यादा लोगों को नहीं पता। ये फिल्म 19 सितंबर को रिलीज होगी। फिल्म के ट्रेलर को काफी पसंद किया जा रहा है।
बड़े पर्दे पर देखिए सीएम योगी की कहानी
बड़े पर्दे पर एक्टर अनंत जोशी ने सीएम योगी का किरदार निभाया है जबकि उनके गुरू महंत अवैद्यनाथ के रोल में दिखेंगे परेश रावल। फिल्म में भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ भी एक पत्रकार के किरदार से जान फूंकने वाले हैं। पूरी स्टार कास्ट फिल्म को लेकर खासा उत्साहित है। सोशल मीडिया पर भी लोगों के अंदर सीएम योगी की बायोपिक को देखने के लिए बेताबी देखी जा रही है।
सीएम योगी आदित्यनाथ पर ही फिल्म क्यों?
ऐसे में लोग सवाल ये भी कर रहे हैं कि आखिर योगी आदित्यनाथ पर ही फिल्म क्यों? इस पर मेकर्स ने एक इंटरव्यू में जवाब दिया था कि “जब हम देश से बाहर गए थे और लौटे तो देखा कि उत्तर प्रदेश पहले जैसा नहीं रहा। जमीन-आसमान का फर्क है। हमने गहराई से अध्ययन किया और सोचा कि उनकी कहानी से हर कोई प्रेरित होगा। अगर कुछ और बच्चे भी योगी बन जाएं तो यह हमारा सौभाग्य होगा।”
ट्रेलर के कुछ सीन्स खासतौर पर काफी वायरल हो रहे हैं जिनमें से एक होता है अजय सिंह बिष्ट का एंट्री सीन जिसमें वो कहते हैं- ‘हमेशा अक्ल का नहीं, कभी-कभी बल का प्रयोग भी करना पड़ता है’।
वही जब वो एक सीन में अपने उद्देश्य को खोजते हुए अपने गुरुदेव से मिलते हैं, जो कहते हैं, ‘उद्देश्य कठिन है, सब कुछ त्यागना होगा।’ जवाब में सीएम योगी कहते हैं, ‘सब कुछ त्याग कर ही आया हूं।’ जब ट्रेलर देखकर ही दर्शकों के रोंगटे खड़े हो गए हैं, तो सोचिए जब फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी तो क्या माहौल होगा।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 16 September 2025 at 17:11 IST