अपडेटेड 19 July 2025 at 11:01 IST
एक्ट्रेस संगीता बिजलानी के फॉर्महाउस में चोरी, खूब हुई तोड़फोड़, ये सब चुराकर ले गए चोर; चारों ओर बिखरा पड़ा सामान
Sangeeta Bijlani Pune Farmhouse Robbery news: संगीता बिजलानी के फार्महाउस में अज्ञात लोगों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने फॉर्महाउस के अंदर तोड़फोड़ की और कई कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए।
Sangeeta Bijlani news: बॉलीवुड एक्ट्रेस संगीता बिजलानी के पुणे वाले फॉर्महाउस से चोरी की घटना सामने आई है। एक्ट्रेस महीनों बाद अपने फॉर्महाउस पहुंची। वो वहां अंदर का नजारा देख दंग रह गई। संगीता ने पुणे ग्रामीण पुलिस को मामले में शिकायत दर्ज कराई।
संगीता के फॉर्महाउस में हुई चोरी का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें देखने मिल रहा है कि चोरों ने किस तरह वहां जमकर उत्पात मचाया। फॉर्महाउस में जगह-जगह सामान बिखरा हुआ नजर आ रहा है।
नजारा देख दंग रह गई एक्ट्रेस
फॉर्महाउस में हुई चोरी को लेकर संगीता बिजलानी ने पुणे ग्रामीण पुलिस को शिकायत दी। इसमें उन्होंने कहा, 'मैं अपने पिता की स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से फॉर्महाउस नहीं जा पा रही थी। आज (18 जुलाई) को मैं अपनी दो हाउसहेल्प के साथ फार्महाउस गई थी। वहां पहुंचते ही मुझे यह देखकर झटका लगा कि मेन गेट टूटा हुआ था। जब हम अंदर गए तो खिड़की की ग्रिल टूटी हुई थी। यहां से एक टीवी सेट गायब था और दूसरा टूटा था।
CCTV खंगाल रही पुलिस
इसके अलावा संगीता ने अपनी शिकायत में यह भी कहा कि चोरों ने टॉप फ्लोर पर काफी तोड़फोड़ की है। बिस्तर, फ्रिज और कई घरेलू सामान के साथ CCTV कैमरे के साथ भी तोड़फोड़ की गई। वीडियो में देखने मिल रहा है कि चोरों ने न सिर्फ लूट मचाई, बल्कि जमकर तोड़फोड़ भी की। फिलहाल फार्महाउस में लगे CCTV फुटेज की पुलिस जांच कर रही है।
एसपी संदीप गिल के अनुसार संगीता बिजलानी मुंबई में रहती हैं और वो करीब 4 महीनों से अपने पिता की बीमारी की वजह से फार्महाउस नहीं जा सकीं थी। बताया जाता है कि उनका फार्म हाउस पवना बांध के पास तिकोना गांव में है।
संगीता बिजलानी एक्ट्रेस और मॉडल हैं। उन्होंने साल 1980 में फेमिना मिस इंडिया का खिताब जीता था। 1988 में आई फिल्म 'कातिल' से उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया। उन्होंने 'त्रिदेव', 'विष्णु देवा', और 'युगांधर' जैसी फिल्मों में काम किया। पर्सनल लाइफ की बात करें तो संगीता ने साल 1996 में भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन शादी की थी। इसके बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली। संगीता की शादी 14 साल तक चली और इसके बाद साल 2010 में दोनों अलग हो गए थे।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 19 July 2025 at 11:01 IST