अपडेटेड 24 October 2024 at 13:59 IST
UP का असर MVA पर; उपचुनाव में अखिलेश ने रोका 'हाथ' तो कांग्रेस ने महाराष्ट्र में दिया जोर का झटका
उत्तर प्रदेश से लेकर महाराष्ट्र तक INDI गठबंधन में सीटों को लेकर मारा-मारी है। फिलहाल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस एक दूसरे से लड़ रही हैं।
Samajwadi Party - Congress : इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस मतलब INDI गठबंधन के भीतर खींचतान उत्तर प्रदेश से होते हुए महाराष्ट्र तक पहुंच गई है। लड़ाई सीट बंटवारे की है, जो फिलहाल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस एक दूसरे से लड़ रही हैं। उत्तर प्रदेश में उपचुनावों को लेकर सीट बंटवारे की स्थिति एकदम स्पष्ट हो चुकी है, लेकिन महाराष्ट्र में पूरा पेंच फंसा हुआ है।
उत्तर प्रदेश में 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव है तो महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। ऐसे में यूपी के भीतर INDI गठबंधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस शामिल हैं तो महाराष्ट्र में इसी INDI गठबंधन का दूसरा रूप MVA (महाविकास अघाड़ी) है, जिसमें कांग्रेस, एनसीपी (शरद पवार गुट) और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) शामिल हैं। फिलहाल उत्तर प्रदेश से लेकर महाराष्ट्र तक इस गठबंधन में सीटों को लेकर मारा-मारी है।
UP में अखिलेश ने किया कांग्रेस के साथ 'खेला'
उत्तर प्रदेश की बात करें तो समाजवादी पार्टी ने मुलायम सिंह यादव का चरखा दांव चला है और कांग्रेस को चारों खाने चित कर दिया है। उपचुनाव में कांग्रेस हाथ मलते रह गई है और अखिलेश यादव अपना खेल करने चले गए हैं। अखिलेश यादव ने खुद ऐलान कर दिया है कि INDI गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी सभी 9 सीटों पर समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह 'साइकिल' के निशान पर चुनाव लड़ेंगे। आसान शब्दों में यही कहा जा सकता है कि बात भले संयुक्त प्रत्याशी की है, लेकिन जीतने वाला कैंडिडेट तो सपा विधायक ही घोषित किया जाएगा। हालांकि सूत्र बताते हैं कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी की फोन पर बात हुई है। सभी सीटों पर सपा चुनाव लड़ेगी, इस पर राहुल गांधी ने सहमति दी है।
इधर, कांग्रेस ने महाराष्ट्र में दिया जोर का झटका
राहुल गांधी ने जब समाजवादी पार्टी को उपचुनाव में सभी सीटों पर लड़ने की सहमति दी है तो इसके पीछे की रणनीति को समझने की जरूरत भी है। सूत्र दावा कर रहे हैं कि उपचुनाव के बदले में कांग्रेस ने महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी की सीटें काट दी हैं। महाराष्ट्र में अखिलेश यादव 12 सीट मांग रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस ने महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी को सिर्फ 4 सीट देने की तैयारी की है।
18 सीटों में से सपा को करना होगा बंटवारा!
इसको भी समझना होगा कि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन - जिसमें कांग्रेस, एनसीपी (शरद पवार गुट) और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) शामिल हैं, आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में 85-85 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने इसका ऐलान किया था। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया था कि बाकी की 18 सीटों के लिए समाजवादी पार्टी और अन्य गठबंधन सहयोगियों के साथ बातचीत चल रही है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होने हैं, जबकि सभी 288 सीटों के लिए मतगणना 23 नवंबर को होगी।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 24 October 2024 at 13:59 IST