अपडेटेड 25 May 2024 at 11:41 IST
प्रियंका गांधी के बच्चों ने पहली बार किया मतदान, फिर भी कांग्रेस को नहीं कर पाए वोट; जान लीजिए क्यों
प्रियंका गांधी के बेटे रेहान राजीव वाड्रा और बेटी मिराया वाड्रा दोनों साथ में वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ पर पहुंचे। दोनों भाई-बहन कतार में लगे हुए दिखाई दिए।
Delhi Lok Sabha Election 2024: दिल्ली की जनता 18वीं लोकसभा में संसद के भीतर अपना प्रतिनिधि चुनने के लिए वोट कर रही है। सुबह 7 बजे से दिल्ली की सभी 7 सीटों पर मतदान हो रहा है। इस बार कुछ नए मतदाता भी वोट करने पहुंच रहे हैं। इसी तरह रॉबर्ट वाड्रा और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बच्चों ने पहली बार मतदान किया है। प्रियंका गांधी के बच्चों ने दिल्ली के एक पोलिंग बूथ पर पहुंचकर अपने मत का इस्तेमाल किया। हालांकि उनका ये पहला वोट कांग्रेस पार्टी के खाते में शामिल नहीं हो पाएगा।
रॉबर्ट वाड्रा और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान राजीव वाड्रा और बेटी मिराया वाड्रा दोनों साथ में वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ पर पहुंचे। दोनों भाई-बहन कतार में लगे हुए दिखाई दिए। दोनों ही फर्स्ट टाइम के वोटर हैं। उन्होंने नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ पर मतदान किया। वो अपना पहला वोट कांग्रेस को नहीं दे पाए हैं, क्योंकि INDI गठबंधन के तहत नई दिल्ली लोकसभा सीट कांग्रेस की सहयोगी आम आदमी पार्टी के खाते में गई है। इस हिसाब से कांग्रेस ने अपना कैंडिडेट नहीं उतारा है। यहां से आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती चुनाव लड़ रहे हैं। नयी दिल्ली सीट पर सोमनाथ भारती का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार बांसुरी स्वराज से है।
प्रियंका के बच्चों ने लोगों से मतदान की अपील की
वोट डालने के बाद रेहान राजीव वाड्रा ने एएनआई से कहा कि मुझे लगता है कि ये एक बहुत ही महत्वपूर्ण चुनाव है। मैं सभी युवाओं से आग्रह करता हूं कि वो हमारे संविधान को बचाने के लिए मतदान करें और इस तरह से मतदान करें जो सकारात्मक बदलाव लाए। इस दौरान मिराया वाड्रा ने आग्रह किया कि सभी को बाहर आना चाहिए और मतदान करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘खाली मत बैठो और बदलाव लाओ।’
दिल्ली में BJP बनाम INDI गठबंधन की लड़ाई
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिलचस्प मुकाबले में AAP और कांग्रेस संयुक्त रूप से बीजेपी से मुकाबला कर रही है। बीजेपी ने पिछले दो चुनावों में राष्ट्रीय राजधानी की सभी 7 लोकसभा सीटें जीती थीं। इस बार भी बीजेपी सभी 7 सीट पर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस जहां राष्ट्रीय राजधानी में 3 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहीं AAP चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 25 May 2024 at 11:36 IST