अपडेटेड 7 April 2024 at 15:35 IST
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को नहीं दी गई रोड शो की इजाजत, तिरुचिरापल्ली में तय था कार्यक्रम
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनावों में '400 पार' के लिए BJP ने दक्षिण भारत में अपना जोर लगाया हुआ है। इसी क्रम में जेपी नड्डा तमिलनाडु गए।
JP Nadda: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को तमिलनाडु में रोड शो की इजाजत नहीं दी गई है। जेपी नड्डा लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार करने तमिलनाडु पहुंचे हुए हैं। उन्हें तिरुचिरापल्ली में रोड शो करना था, लेकिन इसकी इजाजत नहीं दी गई है। अब बीजेपी के नेता कह रहे हैं कि वो पुलिस कमिश्नर से मिलकर रोड शो की इजाजत मांगेंगे।
लोकसभा चुनावों में '400 पार' के लिए भारतीय जनता पार्टी ने दक्षिण भारत में अपना जोर लगाया हुआ है। खासकर तमिलनाडु में बीजेपी के दिग्गज नेता लगातार पहुंच रहे हैं और पार्टी के कैंपेन को धार दे रहे हैं। इसी क्रम में जेपी नड्डा तमिलनाडु गए। हालांकि तिरुचिरापल्ली पुलिस ने रविवार को शहर में जेपी नड्डा के लिए रोड शो की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
नड्डा ने तमिलनाडु के लोगों से की बड़ी अपील
इसके पहले दिन में बीजेपी प्रमुख नड्डा ने तमिलनाडु के अरियालुर में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया और कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास में लंबी छलांग लगाई है। नड्डा ने तमिलनाडु के लोगों से पीएम नरेंद्र मोदी की तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में वापसी सुनिश्चित करने और भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें: खड़गे की जुबान फिसली, फिर शुरू हुई नई बहस... आर्टिकल 371 क्या है और कौन सा राज्य इसके दायरे में
नड्डा ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी के गतिशील नेतृत्व में देश ने विकास में लंबी छलांग लगाई है। भारत 2019 में दुनिया की 11वीं आर्थिक शक्ति था। COVID की महामारी और यूक्रेन युद्ध के बाद भी गतिशील नेतृत्व में भारत ने ग्रेट ब्रिटेन को हरा दिया है। अब भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।' उन्होंने कहा, '2024 में जब पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे तो भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।'
तमिलनाडु में 19 अप्रैल को मतदान
आम चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को तमिलनाडु की सभी 39 सीटों पर मतदान होगा। 2019 के आम चुनावों में DMK के नेतृत्व वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव गठबंधन ने 39 में से 38 सीटें जीतकर शानदार जीत दर्ज की। इस गठबंधन में (कांग्रेस, VCK, MDMK, CPI, CPI (M), IUML, MMK, KMDK, TVK, AIFB शामिल थे।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 7 April 2024 at 15:35 IST