अपडेटेड 27 April 2024 at 16:35 IST
महाराष्ट्र में बिखरी कांग्रेस! हो गए इस्तीफे पर इस्तीफे...मुस्लिमों को टिकट ना देने का आरोप
महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी गठबंधन यानी MVA के 48 सीटों पर घोषित किए उम्मीदवारों की लिस्ट कर चुका है, लेकिन एक भी सीट पर मुस्लिम उम्मीदवार नहीं उतारा है।
Maharashtra Congress: लोकसभा चुनावों के बीच महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी के भीतर जबरदस्त फूट पड़ी हुई है। खासकर टिकट बंटवारे ने कांग्रेस के अंदर विवादों का ढक्कन खोल रखा है। ताजा घटनाक्रम ये है कि टिकटों के बंटवारे पर नाराजगी जताते हुए दो बड़े नेताओं ने कांग्रेस में अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। शुरुआत में महाराष्ट्र में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान ने चुनाव प्रचार समिति से इस्तीफा दिया। उसके बाद महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता भरत सिंह ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया। दोनों नेताओं ने टिकटों के बंटवारे पर आपत्ति जताई है।
देश की राजनीति में हमेशा कहा जाता रहा है कि कांग्रेस देश में अल्पसंख्यकों के सबसे बड़े हमदर्द होने का दावा करती है। मुस्लिम वोटबैंक पर अपना अधिकार जताती है। फिलहाल मुस्लिमों को ही महाराष्ट्र में टिकट ना दिए जाने का जमकर विरोध किया जा रहा है। इससे कांग्रेस में बगावत की स्थिति पैदा हो गई है। महाराष्ट्र में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान का नाम पार्टी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल था, लेकिन उन्होंने साफ इनकार कर दिया है कि वो प्रचार करने नहीं जाएंगे।
नसीम खान ने कांग्रेस पर लगाए आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे एक पत्र में नसीम खान ने उन्हें चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों में शामिल करने के लिए धन्यवाद दिया, लेकिन कहा कि वो लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए आगे प्रचार नहीं करेंगे। इसकी वजह लोकसभा चुनाव में मुस्लिम उम्मीदवार नहीं उतारना है। रिपब्लिक भारत से बातचीत में नसीम खान कहते हैं- 'सवाल मेरे चुनाव लड़ने का नहीं है। पार्टी ने चुनाव लड़ने की तैयारी करने के लिए कहा था। महाराष्ट्र में जिस तरह से घटना हो रही है, 48 सीट हैं और एक भी अल्पसख्यक को टिकट नहीं दिया गया। इससे समाज में गलत संदेश जा रहा है। समाज निराश हो रही है, इससे डूबती नजर आ रही है। इसलिए हमने कदम उठाया है। मैं कांग्रेस का प्रचार करने नहीं जाऊंगा।'
उनका कहना है- 'कांग्रेस पार्टी में सीनियर मेंबर रहा हूं। 4 बार विधायक रहा हूं। मंत्रिमंडल में रहा हूं। जब मेरा समाज मुझसे सवाल करेगा तो मैं उनको क्या जवाब दूंगा।' उन्होंने कहा, 'मेरे धर्म के प्रति मेरी जिम्मेदारियां हैं और लोग इस फैसले से नाराज हैं। इसलिए मैंने स्टार प्रचारक पद से इस्तीफा दे दिया।'
पार्टी प्रवक्ता भरत सिंह ने छोड़ा पद
नसीम खान के बाद कांग्रेस में अगला इस्तीफा महाराष्ट्र के पार्टी प्रवक्ता भरत सिंह का हुआ है। भरत सिंह का कहना है, 'कांग्रेस पार्टी सिर्फ मुस्लिम और उत्तर भारती का वोट लेती है। हमारे लोग कांग्रेस से नाराज हैं। कई नेता ने इस्तीफा दिया है और आने वाले दिनों में और महाराष्ट्र के नेता कांग्रेस छोडेंगे।' उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सिर्फ दिखावे के लिए लोगों से मिलते हैं, यात्रा करते हैं। आम लोगों के साथ नहीं हैं।'
48 सीटों पर एक भी मुस्लिम को MVA ने टिकट नहीं दिया
महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी महाविकास अघाड़ी (कांग्रेस-शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (शरद गुट) गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही है। महाराष्ट्र में MVA के 48 सीटों पर घोषित किए उम्मीदवारों की लिस्ट कर चुकी है। महाविकास अघाड़ी ने महाराष्ट्र की 48 सीटों में से एक भी सीट पर मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट नहीं दिया है। कांग्रेस के अलावा समाजवादी पार्टी के मुस्लिम नेताओं ने भी आपत्ति जताई है।
सपा नेता अबू आजमी कहते हैं कि ये निराशाजनक है। MVA ने महाराष्ट्र में एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया। कांग्रेस ने 2.5 साल के MVA कार्यकाल के दौरान भी मुस्लिम आरक्षण की वकालत नहीं की। समाजवादी पार्टी ने महाराष्ट्र में एक सीट का अनुरोध किया था, लेकिन कांग्रेस ने राज्य में अपर्याप्त हिस्सेदारी का हवाला देते हुए मांग खारिज कर दिया। ये शर्म की बात है कि कांग्रेस एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को शामिल करने में विफल रही।'
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 27 April 2024 at 16:35 IST