'खड़गे जी मुझ पर नहीं हैदराबाद निजाम पर गुस्सा करिए जिसने आपकी मां और बहनों को..', CM योगी का पलटवार
सीएम योगी ने कहा कि आपको गुस्सा करना है तो हैदराबाद के निजाम पर करिए। जिस हैदराबाद के निजाम के रजाकारों ने आपके गांव को जलाया था, हिंदुओं की निर्मम हत्या की थी।
Maharashtra Election: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस अध्यक्ष के मल्लिकार्जुन खड़गे पर तीखा पलटवार किया है। महाराष्ट्र के अकोला में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आजकल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अनावश्यक रूप से मेरे ऊपर लाल-पीले हो रहे हैं, गुस्से में हैं। खरगे जी मेरे ऊपर गुस्सा मत करिए, मैं तो आपकी उम्र का सम्मान करता हूं।
सीएम योगी ने कहा कि आपको गुस्सा करना है तो हैदराबाद के निजाम पर करिए। जिस हैदराबाद के निजाम के रजाकारों ने आपके गांव को जलाया था, हिंदुओं की निर्मम हत्या की थी। आपकी पूज्य माता को, बहन को, आपके परिवार के सदस्यों को जलाया था, इस सच्चाई को देश के सामने रखिए कि जब भी बटेंगे तो इसी प्रकार से निर्ममता से कटेंगे। आप वोट बैंक के लिए इस सच्चाई को देश के सामने रखने के कोताही कर रहे हैं। देश के साथ आप धोखा कर रहे हैं। मैं तो एक योगी हूं, मैंने तो एक ही बात सीखी है, हर काम देश के नाम।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने क्या कहा?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी के 'एक हैं तो सेफ हैं' और योगी आदित्यनाथ के 'बंटेंगे तो कटेंगे' नारे की आलोचना की थी। झारखंड के पलामू में रैली को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा था कि ये खुद काट रहे हैं, खुद बांट रहे हैं। दोनों पहले तय कर लें कौन सा नारा चलेगा?
मल्लिकार्जुन खड़गे ने सीएम योगी का बिना नाम लिए बिना कहा कि वे कहते हैं कि 'बटेंगे तो कटेंगे', ये बोलना साधु का काम नहीं हैं। आप नहीं बोल सकते हैं। कोई नाथ संप्रदाय का साधु ऐसी बात नहीं कर सकता। हम डरेंगे तो मरेंगे, हम डरने वाले नहीं हैं।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 12 November 2024 at 17:54 IST