Maharashtra Assembly Elections: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले 260 पुलिस अधिकारियों के तबादले
महाराष्ट्र सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले बुधवार को 260 से अधिक पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया, जिनमें मुंबई के 150 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
- चुनाव न्यूज़
- 1 min read
Maharashtra Assembly Elections: महाराष्ट्र सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले बुधवार को 260 से अधिक पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया, जिनमें मुंबई के 150 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव होना है। अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने उन अधिकारियों का तबादला करने का निर्देश दिया था, जो तीन वर्ष से अधिक समय से अपने गृह जिलों में सेवारत या वर्तमान पदस्थापन पर हैं।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ निरीक्षकों सहित मुंबई के लगभग 150 पुलिस अधिकारियों को गडचिरोली, गोंदिया, भंडारा, नागपुर और वाशिम सहित विभिन्न जिलों में स्थानांतरित कर दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि नवी मुंबई और मीरा भयंदर, वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के कुछ अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों के पुलिस अधिकारियों को मुंबई में तैनात किया गया है। राज्य की 288 विधानसभा सीट में से 36 निर्वाचन क्षेत्र मुंबई में हैं।
निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव से पहले अधिकारियों के तबादले के उसके आदेशों को पूरी तरह लागू करने में विफल रहने को लेकर पिछले महीने महाराष्ट्र के मुख्य सचिव और राज्य के पुलिस प्रमुख से स्पष्टीकरण मांगा था।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 30 October 2024 at 21:14 IST