अपडेटेड 10 March 2024 at 12:14 IST
'बची-खुची शिवसेना के...', जब उद्धव पर भड़के संजय निरुपम; सीटों को लेकर MVA में छिड़ी लड़ाई
उद्धव ठाकरे ने बिना सीट फॉर्मूला तय किए बिना ही अमोल कीर्तिकर को मुंबई उत्तर-पश्चिम सीट से उम्मीदवार घोषित किया। इससे कांग्रेस नेता संजय निरुपम भड़क गए।
Loksabha Polls : महाराष्ट्र में महाविकास अघाडी (MVA) के सहयोगी दल एक दूसरे के खिलाफ ही अखाड़े में खड़े हो गए हैं। फिलहाल उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना और कांग्रेस के बीच एक सीट को लेकर जबरदस्त लड़ाई छिड़ी है। सीट बंटवारे पर सहमति बनाने के लिए कई दिनों से गहन बातचीत चल रही थी। इसी बीच जब शिवसेना (यूबीटी) ने एक उम्मीदवार की घोषणा की तो कांग्रेस नेता संजय निरुपम भड़क उठे हैं।
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बिना सीट फॉर्मूला तय किए बिना ही अमोल कीर्तिकर को मुंबई उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया। उद्धव ठाकरे ने निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमोल की उम्मीदवारी की घोषणा की। अब कांग्रेस के नेता उसी बात को लेकर उद्धव ठाकरे की शिवसेना पर चढ़ाई करने लग गए हैं।
संजय निरुपम ने लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस के नेता संजय निरुपम ने एक लंबा चौड़ा पोस्ट सोशल मीडिया पर लिखा है, जिसमें उन्होंने कई आरोप लगाए हैं। संजय निरुपम लिखते हैं- 'बची-खुची शिवसेना के प्रमुख ने अंधेरी में उत्तर पश्चिम लोकसभा क्षेत्र से MVA का उम्मीदवार घोषित कर दिया। ऐसा कैसे हो सकता है? MVA की दो दर्जन मीटिंग होने के बावजूद अभी तक सीट शेयरिंग पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।' निरुपम आगे लिखते हैं, 'शिवसेना की तरफ से उम्मीदवार की घोषणा करना गठबंधन धर्म का उल्लंघन नहीं है क्या? या फिर कांग्रेस को नीचा दिखाने के लिए ऐसी हरकत जानबूझकर की जा रही है? कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को हस्तक्षेप करना चाहिए।'
MVA में नहीं हो पाया है सीट बंटवारा
महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीट हैं जो उत्तर प्रदेश की 80 सीट के बाद सबसे ज्यादा लोकसभा सदस्य चुनने वाला राज्य है। एमवीए (महाविकास आघाडी) के सहयोगियों - शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (शरद पवार) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर लंबे वक्त से पेच फंसा है। कई बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन इन दलों के बीच सीटें तय नहीं हो पाई हैं।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 10 March 2024 at 12:14 IST