अखिलेश ने UP में उतारे लोकसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवार तो INDI में घमासान, कांग्रेस की आई प्रतिक्रिया

समाजवादी पार्टी की तरफ से उम्मीदवारों के ऐलान करते ही INDI गठबंधन में खटपट सुनाई देने लगी है।

अखिलेश यादव | Image: PTI

Lok Sabha Election 2024: समाजवादी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए 16 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। समाजवादी पार्टी की तरफ से उम्मीदवारों के ऐलान करते ही INDI गठबंधन में खटपट सुनाई देने लगी है। 

उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा सपा के 16 उम्मीदवारों के ऐलान पर कहा, आप क्या कह रहे हैं इसकी जानकारी मुझे नहीं है, अगर समाजवादी पार्टी ने कोई सूची जारी की है तो इसकी जानकारी तो वही दे सकते हैं। हालांकि उनके साथ बातचीत जारी है और उसके बीच उन्होंने कुछ किया है, जो एकतरफा हो रहा है, इसके बारे में वो ही जवाब दें तो बेहतर होगा।”

समाजवादी पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में 16 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई है। लिस्ट में पहला नाम शफीकुर रहमान बर्क का है, जिन्हें संभल से टिकट दिया गया है। अक्षय यादव को फिरोजाबाद, डिंपल यादव को मैनपुरी और धर्मेंद्र यादव को बदायूं से टिकट दिया गया है।  

यहां देखिए 16 उम्मीदवारों के नाम

  1. शफीकुर रहमान बर्क- संभल
  2. अक्षय यादव- फिरोजाबाद
  3. डिंपल यादव- मैनपुरी
  4. देवेश शाक्य- एटा
  5. धर्मेंद्र यादव- बदायूं
  6. उत्कर्ष वर्मा- खीरी
  7. आनंद भदौरिया- धौरहरा
  8. अनु टण्डन- उन्नाव
  9. रविदास महरोत्रा- लखनऊ
  10. डॉ. नवल किशोर शाक्य- फर्रुखाबाद
  11. राजाराम पाल- अकबरपुर
  12. शिवशंकर सिंह पटेल- बांदा
  13. अवधेश प्रसाद- फैजाबाद
  14. लालजी वर्मा- अंबेडकर नगर
  15. रामप्रसाद चौधरी- बस्ती
  16. काजल निषाद- गोरखपुर

22 से ज्यादा सीटों पर लड़ना चाहती है कांग्रेस

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने कहा, ‘‘सीट बंटवारे को लेकर सकारात्मक बातचीत चल रही है। हम चाहते हैं कि पार्टी राज्य में 22 से अधिक सीट पर चुनाव लड़े जो उसने 2009 के लोकसभा चुनावों में जीती थीं। कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व इस बारे में बात कर रहा है।’’

8 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है RLD

RLD के एक वरिष्ठ नेता ने सपा की ओर से दी गई सीट के बारे में कहा, ‘‘रालोद देवरिया लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ना चाहती है। हमारे वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने साल 2004 में कांग्रेस के टिकट पर वहां से चुनाव लड़ा था और अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर दी थी। 2019 में सपा ने वह सीट बसपा को दे दी थी। कुल मिलाकर राजनीतिक समीकरण रामाशीष राय के पक्ष में है और इससे आश्चर्यजनक परिणाम मिल सकते हैं।’’

आरएलडी के नेताओं के मुताबिक सपा ने उनकी पार्टी को बागपत, मुजफ्फरनगर, मथुरा, कैराना, हाथरस, बिजनौर और अमरोहा की सीट देने की पेशकश की है।

बहरहाल, समाजवादी पार्टी ने अपने 16 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान तो कर दिया है ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि INDI गठबंधन में उनकी सहयोगी आरएलडी इस पर किस तरह की प्रतिक्रिया देती है। कांग्रेस के रुख से तो साफ नजर आ रहा है कि वह इस एकतरफा ऐलान से खुश नहीं है। 

इसे भी पढ़ें: INDI में अब मचेगा घमासान! सीट शेयरिंग पर फाइनल मुहर से पहले ही अखिलेश ने उतार दिए UP में उम्मीदवार

Published By : Sujeet Kumar

पब्लिश्ड 30 January 2024 at 20:26 IST