अपडेटेड 25 February 2024 at 21:08 IST
'महाभारत में कौरव और पांडवों का खेमा था, आज PM मोदी एक तरफ और 7 परिवारों का INDI गठबंधन एक तरफ'
Lok Sabha Election 2024: अमित शाह ने कहा- 'महाभारत में पांडवों और कौरवों का खेमा था। आज नरेंद्र मोदी एक तरफ हैं और दूसरी ओर 7 परिवारों का गठबंधन है।
Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारी शुरू करदी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मध्य प्रदेश में कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीट जीतने का लक्ष्य हासिल करने का मंत्र दिया और INDI गठबंधन पर जमकर निशाना साधा।
अमित शाह ने कहा कि 'महाभारत में पांडवों और कौरवों का खेमा था। आज नरेंद्र मोदी एक तरफ हैं और दूसरी ओर 7 परिवारों का गठबंधन है। हमने चुनाव को हमेशा लोकतंत्र उत्सव के रूप में माना है। हमने चुनाव को हमारी विचारधारा को जनता के पास ले जाने का जरिया माना है।' कार्यकर्ताओं से अमित शाह ने कहा कि आप लोगों की जिम्मेदारी वोट देने की तो है ही मगर आपकी जिम्मेदारी जनमत बनाने की भी है।
बेटों को चाहते हैं PM-CM बनाना- अमित शाह
जातिवाद और परिवारवाद पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद सारे चुनाव जातिवाद और परिवारवाद से लिप्त थे। नरेंद्र मोदी ने ये सारी चीजें खत्म की हैं। जातिवाद, परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार को मोदी ने खत्म किया। उन्होंने कहा कि सोनिया, स्टालिन और शरद पवार अपने-अपने बेटे को PM-CM बनाना चाहते है।
UPA में हुआ भ्रष्टाचार- अमित शाह
अमित शाह ने पूर्व की UPA सरकार भी निशाना साधा। उन्होंने कहा- 10 साल UPA के और 10 साल NDA के, आपको सारा कॉम्पेरिजन मिल जाएगा। UPA में खेल, सेना, पनडुब्बी और अंतरिक्ष में भ्रष्टाचार हुआ। 10 साल में मोदी सरकार में एक बार भी भ्रष्टाचार का मामला सामने नहीं आया। आज किसी की हिम्मत नहीं है कि भारत की सीमा की तरफ आंख उठाकर देख ले।
क्या है बीजेपी का प्लान?
इस महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश में एक जनसभा के दौरान कहा था कि बीजेपी लोकसभा चुनावों में 370 सीट का आंकड़ा पार कर जाएगी और यहां तक कि संसद में विपक्षी नेता भी कह रहे हैं कि सत्तारूढ़ गठबंधन को 400 से अधिक सीट मिलेंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने 543 लोकसभा सीट में से 370 सीट जिताने के लिए मतदाताओं से बीजेपी के पक्ष में पिछले चुनाव की तुलना में प्रत्येक बूथ पर 370 अतिरिक्त वोट सुनिश्चित करने के लिए भी कहा था।
बीजेपी ने मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य रखा है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने राज्य में 28 सीट पर जीत हासिल की थी।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 25 February 2024 at 21:08 IST