अपडेटेड 22 March 2024 at 16:12 IST

अरुणाचल पश्चिम लोकसभा सीट पर किरेन रिजिजू को चुनौती देंगे नबाम तुकी

कांग्रेस की अरुणाचल प्रदेश इकाई के प्रमुख नबाम तुकी अरुणाचल पश्चिम लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को चुनौती देंगे।

Follow :  
×

Share


अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी | Image: Facebook

कांग्रेस की अरुणाचल प्रदेश इकाई के प्रमुख नबाम तुकी अरुणाचल पश्चिम लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को चुनौती देंगे। राज्य में 19 अप्रैल को पहले चरण में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री तुकी अभी पापुमपारे जिले में सगली निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं तथा वह लगातार छह बार से निर्वाचित होते रहे हैं। कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को तुकी के साथ ही अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बोसीराम सिराम की उम्मीदवारी की घोषणा की। सिराम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी तापिर गाओ के खिलाफ अरुणाचल पूर्व संसदीय सीट से चुनाव लड़ेंगे।

साल 2019 में रिजिजू से अरुणाचल पश्चिम सीट पर हारने वाले तुकी ने मतदाताओं के बीच बदलाव की बढ़ती इच्छा का हवाला देते हुए इस बार जीत का विश्वास जताया है। उन्होंने कहा, ‘‘लोग बदलाव चाहते हैं और रीजीजू के लिए जनता का नजरिया बदल रहा है। वह सत्ता विरोधी लहर का सामना कर रहे हैं। मेरा ध्यान रोजगार सृजन पर केंद्रित रहेगा।’’

भाजपा ने पिछले चुनावों में दोनों लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। रीजीजू ने 1,74,843 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी जबकि गाओ ने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के वांगमैन लोवांगचा को 68,189 मतों के अंतर से हराया था।

भाजपा ने 2019 के विधानसभा चुनाव में 41 सीटें, जनता दल (यूनाइटेड) ने सात, नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने पांच, कांग्रेस ने चार, पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल (पीपीए) ने एक और दो सीटें निर्दलीयों ने जीती थी।

विधानसभा चुनाव के लिए दो जून और लोकसभा चुनाव के लिए चार जून को मतगणना होगी। भाजपा ने सभी 60 विधानसभा सीटों से उम्मीदवारों की घोषणा की है जबकि कांग्रेस ने 34 सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की है और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने अभी तक 17 उम्मीदवारों की घोषणा की है।

यह भी पढ़ें: BJP को सत्ता के दुरुपयोग की कीमत चुकानी पड़ेगी- शरद पवार

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 22 March 2024 at 16:12 IST