अपडेटेड 11 April 2024 at 09:01 IST
पवन सिंह यहां से लड़ेंगे चुनाव, कर दिया बड़ा ऐलान; बीजेपी के सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा को देंगे टक्कर
भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार सिंगर और एक्टर पवन सिंह एक बार फिर सुर्खियों में है। BJP से झटका लगने के बाद पवन सिंह ने बड़ा ऐलान कर दिया है।
Pawan Singh: भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार सिंगर और एक्टर पवन सिंह एक बार फिर सुर्खियों में है। BJP से झटका लगने के बाद पवन सिंह ने अपने तेवर बगावती कर लिए हैं। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बुधवार,10 अप्रैल को BJP ने अपनी आखिरी लिस्ट जारी कर दी। मगर इस लिस्ट में पवन सिंह का नाम नहीं था। इसके बाद उन्होंने बड़ा ऐलान कर दिया।
लोकसभा चुनाव के लिए BJP ने पवन सिंह को पश्चिम बंगाल के आसनसोल से उम्मीदवार बनाया था। पहली सूची में ही पवन सिंह का नाम जारी भी कर दिया गया था। मगर 24 घंटे के अंदर ही उन्होंने इस सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। चर्चा थी की वो बिहार के आरा से चुनाव लड़ना चाहते हैं इस सिलसिले में उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से दिल्ली में मुलाकात की थी मगर शायद बात बनी नहीं। बिहार से सीट का इंतजार करते रहे थे मगर मिला नहीं। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर बड़ा ऐलान कर दिया।
पवन सिंह ने X पर किया बड़ा ऐलान
एक्टर ने अपने ऑफिशियल X हैंडल से ट्वीट कर काराकट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, माता गुरुतरा भूमेरू” अर्थात माता इस भूमि से कहीं अधिक भारी होती हैं और मैंने अपनी माँ से वादा किया था की मैं इस बार चुनाव लड़ूँगा। मैंने निश्चय किया है कि मैं 2024 का लोकसभा चुनाव काराकाट,बिहार से लड़ूँगा। जय माता दी
काराकाट सीट से कुशवाहा को देंगे टक्कर
बता दें कि काराकाट सीट NDA ने उपेंद्र कुशवाहा को अपना प्रत्याशी बनाया है। पवन सिंह अगर इस सीट से चुनाव लड़ते हैं को उनका मुकाबला कुशवाहा से होगा। उपेंद्र कुशवाहा ने 2014 में इस सीट पर जीत दर्ज की थी। इस बार काराकाट में एनडीए और इंडिया ब्लॉक के बीच मुख्य मुकाबला होगा। इंडी ने CPI(M) के राजाराम सिंह कुशवाहा को यहां से अपना उम्मीदवार बनाया है। हालांकि,पवन सिंह ने अभी ये ऐलान नहीं किया कि वो चुनाव निर्दलीय लड़ेंगे या किसी पार्टी के टिकट पर।
BJP ने आसनसोल से बनाया था उम्मीदवार
बता दें लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 1 मार्च को BJP ने अपनी पहली लिस्ट जारी की थी। पहली लिस्ट में 197 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया था। पहली लिस्ट में पार्टी ने आससोल सीट से पवन सिंह को टिकट दिया। इस ऐलान के बाद पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर खुशी भी जताई थी और आलाकमान को धन्यवाद भी दिया था, मगर 24 घंटे के अंदर ही उन्होंने इस सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया।
आरा से चुनाव लड़ने की रखी थी इच्छा
पवन सिंह ने अचानक चुनाव लड़ने से क्यों मना किया इसके पीछे की वजह तो सामने नहीं आई है। खबर आई कि कुछ निजी कारणों की वजह से उन्होंने चुनाव लड़ने से मना कर दिया और वो बिहार से ही चुनाव लड़ना चाहते थें।बता दें कि पवन सिंह बिहार के आरा जिला के रहने वाले हैं। वो एक राजपूत परिवार से ताल्लुक रखते हैं। बिहार और यूपी में उनकी बड़ी फैंन फॉलोइंग है। अब देखना होगा कि उनके बगावती तेवर BJP के लिए कौन से मुश्किल खड़ी कर सकते हैं।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 11 April 2024 at 09:01 IST