अपडेटेड 24 May 2024 at 15:37 IST
मंडी में कांग्रेस पर बरसे PM मोदी, बोले- 'वो मुस्लिम पर्सनल लॉ के बहाने शरिया को समर्थन देती है'
लोकसभा चुनाव के प्रचार प्रसार के लिए पीएम मोदी मंडी पहुंचे और मंडी में उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है।
लोकसभा चुनाव के छठे चरण की वोटिंग की तैयारी शुरू हो चुकी है। इस बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंडी लोकसभा सीट में चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंचे। मंडी में पीएम मोदी ने भारती जनता पार्टी की उम्मीदवार कंगना रनौत के लिए लोगों से वोट की अपील की। वहीं जनसंबोधन के दौरान उन्होंने जमकर कांग्रेस पर निशाना साधा।
मंडी में पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस हिमाचल को बर्बादी के रास्ते पर ले जा रही है। कांग्रेस की सरकार तो इतनी डरपोक थी कि दलाई लामा जी का नाम लेने से भी डरती थी। मेरी तो दलाई लामा जी से अक्सर बात होती है। वो हमारी समृद्ध विरासत के प्रणेता हैं। भारत, बुद्ध का देश है और मोदी सरकार ने जोर शोर से अपनी इस विरासत का प्रचार प्रसार किया है। हिमाचल मे 4 सीटो पर बीजेपी की बंपर जीत का रिकॉर्ड बनाना हैं।"
कांग्रेस मुस्लिम पर्सनल लॉ के बहाने शरिया कानून...: पीएम मोदी
कांग्रेस पर जोरदार हमला करते हुए भारत के प्रधानमंत्री ने कहा, "मोदी ने समान नागरिक संहिता का संकल्प लिया है। भारत का नागरिक भले ही वो हिंदू हो, मुस्लिम हो, सिख हो, ईसाई हो, बौद्ध हों, उनके लिए एक समान नागरिक कानून होने चाहिए, लेकिन कांग्रेस समान नागरिक संहिता का विरोध कर रही है। कांग्रेस मुस्लिम पर्सनल लॉ के बहाने शरिया को समर्थन देती है।"
उन्होंने कहा कि इस देश को वो नहीं बना सकते, जो सिर्फ बाप-दादा की विरासत पर ही जीते हैं। इस देश को वो बनाएंगे जो मिट्टी से उठकर पहाड़ जितनी ऊंचाइयां छूते हैं। इसलिए, आज भारत का भविष्य हमारे स्टार्ट अप्स शुरु करने वाले नौजवान हैं। स्पेस में अपनी सैटेलाइट भेजने वाले नौजवान हैं, खेतों में ड्रोन उड़ा रही बेटियां हैं, लड़ाकू विमान उड़ा रही बेटिया हैं, लेकिन कांग्रेस उसी दकियानूसी सोच में डूबी हुई है। आपने देखा है कि अपने दम पर सफलता हासिल करने वाली बेटियों को कांग्रेस क्या बोलती है?
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 24 May 2024 at 15:08 IST