अपडेटेड 1 May 2024 at 21:41 IST
हरियाणा में बीजेपी के रणजीत चौटाला, कांग्रेस की शैलजा, इनेलो के अभय चौटाला ने दाखिल किया नामांकन
हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए रणजीत सिंह चौटाला, कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी सैलजा और इनेलो उम्मीदवार अभय सिंह चौटाला ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार रणजीत सिंह चौटाला, कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी सैलजा और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) उम्मीदवार अभय सिंह चौटाला ने बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
पिछले महीने भाजपा में शामिल हुए रणजीत चौटाला हिसार से चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा सिरसा (आरक्षित) लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं जबकि इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) नेता अभय चौटाला कुरुक्षेत्र सीट से चुनावी मैदान में उतरे हैं।
बुधवार को नामांकन दाखिल करने वाले अन्य उम्मीदवारों में अंबाला (आरक्षित) निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बंतो कटारिया और सोनीपत सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सतपाल ब्रह्मचारी शामिल हैं। रणजीत चौटाला के साथ पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर थे जबकि कुमारी सैलजा के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला, बीरेंद्र सिंह और किरण चौधरी थीं।
वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रतन लाल कटारिया की पत्नी बंतो कटारिया के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत थे। सोनीपत में ब्रह्मचारी के साथ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख उदय भान थे।
कुरुक्षेत्र में अभय चौटाला के नामांकन दाखिल करने के दौरान उनके साथ शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल मौजूद थे। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के राहुल यादव फाजिलपुरिया ने गुरुग्राम सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
हरियाणा की दस लोकसभा सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को शुरू हो गई, जहां 25 मई को मतदान होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह मई है। नामांकन पत्रों की जांच सात मई को की जाएगी और उम्मीदवार नौ मई तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 1 May 2024 at 21:41 IST