अपडेटेड 2 June 2024 at 06:51 IST
Exit Poll के नतीजों से BJP गदगद, गिरिराज सिंह बोले- खटाखट-फटाफट करने वाले अब EVM...
Exit Poll की मानें तो लोकसभा चुनाव में फिर बीजेपी और एनडीए गठबंधन बाजी मारने जा रहा है। वहीं विपक्ष को बड़ा झटका लगेगा।
Giriraj Singh on Exit Polls: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। अब हर किसी को बेसब्री से इंतजार है 4 जून का, जब लोकसभा चुनाव के नतीजे सामने आएंगे। हालांकि नतीजों से पहले तमाम एग्जिट पोल्स में मोदी सरकार की हैट्रिक लगने का दावा किया जा रहा है।
एग्जिट पोल के नतीजों से जहां एक ओर बीजेपी गदगद है, तो वहीं इंडी गठबंधन के लिए ये एक बड़ा झटका है। एग्जिट पोल के परिणामों पर तमाम नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी एग्जिट पोल पर बयान दिया है। उन्होंने इस पर खुशी जताते हुए विपक्ष पर निशाना भी साधा और कहा कि देश की जनता ने एक बार फिर पीएम मोदी को स्वीकार किया है, जबकि खटाखट फटाफट करने वालों को वापस भेज दिया।
गिरिराज सिंह का बयान
एग्जिट पोल पर गिरिराज सिंह ने कहा, "PM मोदी की विश्वसनीयता और विपक्ष के असली चेहरे को लोग जान गए हैं। देश ने PM मोदी को स्वीकारा है और 'खटाखट' 'फटाफट' करने वालों को वापस भेज दिया।" उन्होंने दावा किया कि बिहार में हम पिछले (लोकसभा चुनाव) नतीजे के करीब रहेंगे। गिरिराज सिंह ने कहा कि यह कांग्रेस का नाटक है। वह 4 जून को भी यही कहेंगे कि EVM खराब है, ये जनता का फैसला नहीं है, ये EVM का फैसला है। उन्हें सिस्टम और देश के लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है।
फिर एक बार मोदी सरकार
एग्जिट पोल की मानें तो केंद्र की सत्ता में लगातार तीसरी बार एनडीए गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। रिपब्लिक के अनुमान के अनुसार, लोकसभा चुनाव 2024 में BJP के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 364 सीटें हासिल करने के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं इंडी गठबंधन 139 सीटों पर जीत हासिल कर सकता है। अन्य के खाते में लगभग 40 सीटें जा सकती है। ये अनुमान Matrize और PMARQ के एग्जिट पोल परिणामों पर आधारित हैं।
इतनी सीटें जीत सकता है NDA गठबंधन
रिपब्लिक-PMARQ एग्जिट पोल के नतीजे बताते हैं कि एनडीए 359 सीटों के साथ शानदार जीत दर्ज करेगा, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडी गठबंधन को 154 सीटों पर पीछे रहने का अनुमान है, जबकि बाकी पार्टियों को निचले सदन में 30 सीटें मिलेंगी। संसद का मतदान आज सातवें और आखिरी चरण के मतदान के साथ संपन्न हुआ।
रिपब्लिक-Matrize एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, एनडीए को 368 सीटें जीतने का अनुमान है, जबकि INDI ब्लॉक केवल 125 सीटें ही हासिल कर पाएगा, जबकि अन्य करीब 50 सीटों पर सिमट जाएंगे।
यह भी पढ़ें: Exit Poll में INDI गठबंधन के लिए चौंकाने वाला परिणाम, 150 के करीब सीटें मिलने का अनुमान
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 2 June 2024 at 06:51 IST