अपडेटेड 4 June 2024 at 20:31 IST
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली सीट पर 3,90,030 मतों के अंतर से चुनाव जीता
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को रायबरेली संसदीय सीट पर 3,90,030 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को रायबरेली संसदीय सीट पर 3,90,030 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। निर्वाचन आयोग के अनुसार कांग्रेस उम्मीदवार गांधी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राज्य सरकार के मंत्री, भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह को 3,90,030 मतों के अंतर से पराजित किया।
गांधी को 6,87,649 मत तथा दिनेश प्रताप को 2,97,619 मत मिले। यहां बसपा उम्मीदवार ठाकुर प्रसाद यादव को 21,624 मत मिले।
रायबरेली से राहुल गांधी की बड़ी जीत
रायबरेली संसदीय सीट पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी 2004 से 2019 तक लगातार चुनाव जीतती रहीं लेकिन 2024 में वह चुनावी लड़ाई से बाहर हो गयीं।
उनकी जगह कांग्रेस से राहुल गांधी चुनाव मैदान में उतरे और यहां जीत दर्ज की। पिछली बार सोनिया गांधी ने 1,67,178 मतों के अंतर से रायबरेली में दिनेश प्रताप को पराजित किया था।
2019 में अमेठी से हार गए थे राहुल गांधी
राहुल गांधी 2019 में अमेठी संसदीय क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से पराजित हो गये थे। वह केरल के वायनाड से चुनाव जीत गये थे और इस बार भी वहां से चुनाव में उम्मीदवार थे।
चुनाव में सोनिया गांधी ने इस बार रायबरेली की सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि ''मैं आपको अपना बेटा सौंप रही हूं और मुझे भरोसा है कि वह आपके विश्वास पर खरा उतरेंगे।''
रायबरेली संसदीय सीट का राहुल गांधी के दादा फिरोज गांधी और दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी प्रतिनिधित्व किया था।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 4 June 2024 at 20:31 IST