अपडेटेड 8 March 2024 at 22:09 IST
First List: अमेठी से कौन? रायबरेली से भी नहीं खोले पत्ते, बड़े नाम नदारद... बैकफुट पर है कांग्रेस?
Congress First List : कांग्रेस की पहली लिस्ट पर बीजेपी ने निशाना साधना भी शुरू कर दिया है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश की एक भी सीट पर प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है।
Congress First List : आम चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने 39 सीटों पर तस्वीर साफ करते हुए पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में सबसे खास नाम पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का है, जो एक बार फिर वायनाड सीट से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस की पहली लिस्ट में छत्तीसगढ़, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, मेघालय, लक्षद्वीप, नगालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा में उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।
कांग्रेस की पहली लिस्ट पर बीजेपी ने निशाना साधना भी शुरू कर दिया है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश की एक भी सीट पर प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। अमेठी और रायबरेली दोनों ही कांग्रेस की परंपरागत सीट हैं। रायबरेली से अभी तक सोनिया गांधी लोकसभा चुनाव लड़ती थी। सोनिया के राज्यसभा जाने के बाद प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की चर्चाएं हैं।
बैकफुट पर है कांग्रेस?
बड़े चेहरों की बात करें तो कांग्रेस ने अपनी पहली लिस्ट में राहुल गांधी के अलावा संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर समेत कई वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल किए हैं। वेणुगोपाल केरल की अलप्पुझा, थरूर तिरुवनंतपुरम और बघेल छत्तीसगढ़ की राजनांदगाव सीट से चुनाव लड़ेंगे। खास बात ये है कि राहुल गांधी को सिर्फ वायनाड से प्रत्याशी बनाया गया है। अमेठी-रायबरेली से किसी का नाम घोषित नहीं हुआ है। जबकि अमेठी से बीजेपी की सांसद स्मृति ईरानी लगातार अपना प्रचार कर रही हैं।
अमेठी से पिछला चुनाव राहुल गांधी हार गए थे, सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने के बाद रायबरेली लोकसभा सीट को लेकर भी कांग्रेस की चिंता बढ़ी है। कांग्रेस के लिए इस बार इन दोनों ही सीटों में जीत दर्ज करना टेढ़ी खीर साबित होगा। गांधी परिवार का गढ़ रहे अमेठी और रायबरेली में ऐसी स्थिति इसी बार पैदा हुई है।
जनरल कैटेगरी से 15 प्रत्याशी
कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची में 15 उम्मीदवार जनरल कैटेगरी से हैं। इसके अलावा 24 उम्मीदवार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों से हैं। 12 उम्मीदवार 50 साल से कम उम्र के हैं। 8 उम्मीदवार 50 से 60 वर्ष के बीच के और 12 उम्मीदवार 61 से 70 साल के बीच के जबकि सात उम्मीदवार 71 से 76 साल के बीच के हैं।
मुख्य विपक्षी दल के उम्मीदवारों की पहली सूची में सबसे अधिक 16 उम्मीदवार केरल से हैं। कांग्रेस केरल की कुल 20 लोकसभा सीट में 16 पर चुनाव लड़ेगी। चार सीट पर सहयोगी दल चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने
- केरल- 16
- छत्तीसगढ़- 6
- कर्नाटक- 7
- तेलंगाना- 4
- मेघालय- 2
लक्षद्वीप, नगालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा की एक-एक सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किए हैं।
पार्टी ने केरल में अपने सभी 15 मौजूदा लोकसभा सदस्यों को फिर से चुनावी मैदान में उतारा है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की कोरबा सीट से सांसद ज्योत्सना महंत और कर्नाटक की बेंगलुरु ग्रामीण सीट से मौजूदा सांसद डीके सुरेश पर फिर से विश्वास जताया है। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लोकसभा चुनाव के लिए 195 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 8 March 2024 at 22:09 IST