अपडेटेड 12 May 2024 at 21:02 IST
'स्मृति ईरानी ने जितने दौरे किए, कांग्रेस की चार पीढ़ियां नहीं कर सकीं', अमेठी में गरजे CM योगी
Amethi: सीएम योगी ने कहा कि आपने 2019 में क्रांतिकारी फैसला लिया, जिसकी धमक लखनऊ से लेकर दिल्ली तक सुनाई दी थी।
राघवेंद्र पांडेय
CM Yogi in Amethi: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सीएम योगी का प्रचार अभियान जारी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्याथ ने अमेठी में प्रचार किया। माधौगढ़ में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाने साधे।
चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में विरासत टैक्स लगाने की बात कही है। ये एक तरह का जजिया टैक्स है। ऐसा लगता है कि कांग्रेस के अंदर औरंगजेब की आत्मा आ गई।
अमेठी में सीएम योगी की जनसभा
सीएम ने कहा कि जैसे ही देश में चौथे चरण के मतदान होंगे, देश में मोदी लहर सुनामी का रूप ले लेगी। आज पूरा देश एक स्वर से कह रहा है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे।
माधौगढ़ में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने BJP प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के लिए जनता से वोट की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राम और राष्ट्र एक-दूसरे के पर्याय हैं। जो लोग राम का विरोध कर रहे हैं वो राष्ट्र का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध केवल दो ही लोग कर रहे हैं एक पाकिस्तान और दूसरा रामद्रोही।
'2019 में सही निर्णय का सही परिणाम निकला'
अमेठी की जनता को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आपने 2019 में क्रांतिकारी फैसला लिया, जिसकी धमक लखनऊ से लेकर दिल्ली तक सुनाई दी थी। उन्होंने कहा कि निर्णय सही होता है तो परिणाम भी सही होता है। पहली बार अमेठीवासियों ने किसी दल का पिछलग्गू बनने की जगह भारत के विकास का सारथी बनने का फैसला लिया।
सीएम योगी ने कहा कि स्मृति ईरानी ने पांच साल में जितना दौरा अमेठी का किया, कांग्रेस की चार पीढ़ियां नहीं कर सकीं। एक सजग जनप्रतिनिधि के रूप में हर हफ्ते उनका दौरा अमेठी के गांव-गांव में होता रहा।
कांग्रेस पर जमकर बरसे सीएम योगी
मुख्यमंत्री आगे यह भी बोले कि देश में 'अबकी बार 400 पार' का स्वर गूंज रहा है। इसे सुन कांग्रेस और इंडी गठबंधन को चक्कर आने लगता है। देश में किसी भी पार्टी को बहुमत के लिए 273 सीटें चाहिए होती हैं, लेकिन कांग्रेस पूरे देश में इतनी सीटों पर चुनाव भी नहीं लड़ रही है।
सीएम योगी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्हें पाकिस्तान से प्रेम है वो वहां जा सकते हैं। पाकिस्तान की जनता आज वहां भूखे से मर रही है, जबकि भारत में उससे कहीं ज्यादा आबादी को प्रधानमंत्री मोदी के 10 साल के कार्यकाल में गरीबी रेखा से ऊपर लाया गया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश के 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन मिल रहा है। चार करोड़ गरीबों को मकान मिले हैं। कांग्रेस ये कार्य क्यों नहीं कर सकी।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 12 May 2024 at 21:02 IST