अपडेटेड 15 April 2024 at 19:18 IST

डिंपल यादव के खिलाफ मैनपुरी से BJP प्रत्याशी जयवीर ने नामांकन कर ठोकी ताल, कहा-UP में 80 सीटें हमारी

अपना नामांकन दाखिल करने के बाद बीजेपी उम्मीदवार जयवीर सिंह ने कहा- 'जिस तरह से लोग यहां उत्साहित हैं, उससे साफ पता चलता है कि मैनपुरी में कमल खिलेगा।

Follow :  
×

Share


डिंपल यादव के खिलाफ मैनपुरी से जयवीर सिंह ने किया नामांकन | Image: Facebook

Lok sabha Election 2024 : समाजवादी पार्टी के गढ़ मैनपुरी में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रत्याशी ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। बीजेपी ने अखिलेश यादव की पत्नी और मौजूदा सांसद डिंपल यादव के मुकाबले उत्तर प्रदेश सरकार में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को उम्मीदवार बनाया है। दोनों ने इस सीट पर अपनी-अपनी जीत के दावे किये हैं। जयवीर सिंह ने इस बार मैनपुरी से बीजेपी की जीत का दावा किया है।

अपना नामांकन दाखिल करने के बाद बीजेपी उम्मीदवार जयवीर सिंह ने कहा- 'जिस तरह से लोग यहां उत्साहित हैं, उससे साफ पता चलता है कि मैनपुरी में कमल खिलेगा। इन 7 सालों में सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून और व्यवस्था का शासन स्थापित हुआ है। हम उत्तर प्रदेश में 80 की 80 सीटें जीतेंगे और देश में 400 पार करेंगे।'

मैनपुरी सदर से हैं विधायक

जयवीर सिंह यादव परिवार का गढ़ माने जानी वाली मैनपुरी सदर सीट से विधायक हैं। जयवीर सिंह पहले ही दावा कर चुके हैं कि मैनपुरी सदर विधानसभा सीट को भी सपा का गढ़ कहा जाता था, जिसे जीतकर उन्होंने सपा का गढ़ तोड़ दिया और अब लोकसभा में भी हम सपा के गढ़ को तोड़ देंगे। जयवीर सिंह के दावे पर डिंपल यादव ने कहा कि मैनपुरी से कोई भी आए, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा और सपा भारी अंतर से चुनाव जीतेगी।

'किसी को तो मैदान में उतारना ही था'

जयवीर सिंह 2017 में बीजेपी में शामिल होने से पहले 2012-17 तक कांग्रेस और सपा में रहे थे। मैनपुरी सीट से उनके प्रत्याशी घोषित होने पर डिंपल यादव ने कहा था कि 'किसी को तो बीजेपी को मैदान में उतारना ही था। समाजवादी पार्टी भारी अंतर से मैनपुरी सीट जीतने के लिए तैयार है।' जब उनसे पूछा गया कि क्या वह मानती हैं कि उनकी पार्टी के लिए कोई राजनीतिक चुनौती है, तो डिंपल ने कहा, 'हमें लोगों का भारी समर्थन, प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है और इस बार के नतीजे पिछली बार से कहीं बेहतर होंगे।'

समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल ने 2022 में मैनपुरी संसदीय उपचुनाव जीता था और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी उम्मीदवार रघुराज सिंह शाक्य को 2,88,461 वोटों से हराया था। सपा का गढ़ मानी जाने वाली यह सीट पार्टी संस्थापक और डिंपल यादव के ससुर मुलायम सिंह यादव के पास थी, जो 10 अक्टूबर, 2022 को उनकी मौत के बाद खाली हो गई। 2019 में मुलायम सिंह यादव ने बीजेपी उम्मीदवार प्रेम सिंह शाक्य को 94,389 वोटों से हराया था।

ये भी पढ़ें: इंडिया जी इंदिरा... भरोसे के मामले में क्या मोदी उस लेवल पर पहुंच गए हैं? PM मोदी ने दिया जवाब

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 15 April 2024 at 19:18 IST