अपडेटेड 18 April 2024 at 20:28 IST
लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा अपडेट, कन्नौज सीट से BJP के सुब्रत पाठक के सामने अखिलेश खुद ठोकेंगे ताल!
कन्नौज लोकसभा सीट से सपा प्रमुख अखिलेश यादव चुनाव लड़ सकते हैं। इस बारे में कन्नौज के सपा जिलाध्यक्ष ने जानकारी दी है, लेकिन अभी तक स्थिति साफ नहीं है।
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए शुक्रवार तो मतदान होना है, लेकिन उत्तर प्रदेश में मुख्य विपक्षी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के अभी तक चुनाव लड़ने पर असमंजस बना हुआ है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कन्नौज लोकसभा सीट से सपा प्रमुख अखिलेश यादव चुनाव लड़ सकते हैं। इस बारे में कन्नौज के सपा जिलाध्यक्ष ने भी जानकारी दी है, लेकिन अभी तक स्थिति साफ नहीं है।
चुनाव लड़ने की चर्चा के बीच सपा मुखिया ने गुरुवार को कन्नौज का दौरा भी किया। जहां उन्होंने पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं, सेक्टर और बूथ प्रभारियों से मुलाकात के साथ बैठक भी की। अखिलेश यादव के इस दौरे के बाद उनके कन्नौज से चुनाव लड़ने की चर्चा तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक कन्नौज लोकसभा सीट पर किसी प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं किया गया है।
सपा का गढ़ है कन्नौज
उत्तर प्रदेश की कन्नौज लोकसभा सीट को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है। साल 1998 से 2014 तक यहां सभी चुनाव में समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की है। अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव भी यहां से सांसद रहे हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा को हार का सामना करना पड़ा था। बीजेपी प्रत्याशी सुब्रत पाठक ने डिंपल यादव को करीब 13 हजार वोटों के अंतर से हराया था।
बीजेपी ने सुब्रत पाठक को उतारा
बीजेपी इस बार यूपी में सभी सीट जीतने का दावा कर रही है। बीजेपी ने कन्नौज सीट पर फिर से सांसद सुब्रत पाठक को ही अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं, बहुजन समाज पार्टी ने अकील अहमद को टिकट दिया गया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि अकील सपा के वोट बैंक में भी सेंध लगा सकते हैं। इसकी वजह ये है कि अकील लंबे समय तक सपा में रह चुके हैं। चर्चा है कि सपा यहां से अखिलेश यादव को प्रत्याशी बना सकते हैं।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 18 April 2024 at 17:06 IST