नामांकन से पहले अखिलेश यादव ने शेयर की 24 साल पुरानी तस्वीर, क्या देना चाहते हैं संदेश?

अखिलेश यादव 2000 में पहली बार कन्नौज सीट से ही सांसद चुने गए थे। अब उन्होंने 24 साल पुरानी एक तस्वीर साझा की है। जिसके साथ लिखा- 'फिर इतिहास दोहराया जाएगा।'

Follow :  
×

Share


अखिलेश यादव ने कन्नौज लोकसभा से किया नामांकन | Image: X

Akhilesh Yadav Nomination : उत्तर प्रदेश की कन्नौज लोकसभा सीट हॉट सीट में शामिल हो गई है। बीजेपी प्रत्याशी सुब्रत पाठक के खिलाफ समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कन्नौज लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। अखिलेश यादव बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ कचहरी पहुंचे और नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ सपा के प्रमुख महासचिव राम गोपाल यादव भी मौजूद रहे। सपा ने इससे पहले मैनपुरी से पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव को कन्नौज से उम्मीदवार बनाया था।

अखिलेश यादव 2000 में पहली बार कन्नौज लोकसभा सीट से ही सांसद चुने गए थे। वो उपचुनाव में जीत दर्ज कर संसद पहुंचे थे। नामांकन से पहले अखिलेश यादव ने X पर कन्नौज से नामांकन की 24 साल पुरानी एक तस्वीर साझा की है। जिसके साथ लिखा- 'फिर इतिहास दोहराया जाएगा।' अब नया भविष्य बनाया जाएगा।' इस तस्वीर के माध्यम से अखिलेश यादव ने 2000 की जीत को फिर से दोहराने का संदेश दिया है। इस तस्वीर में अखिलेश के साथ अमर सिंह और राम गोपाल यादव समेत कई सपा नेता नजर आ रहे हैं। अखिलेश के पोस्ट पर चाचा शिवपाल सिंह यादव ने लिखा, 'विजय भव: सर्वदा।'

2000 में सांसद बनें अखिलेश

अखिलेश यादव पूर्व में तीन बार कन्नौज से ही सांसद रह चुके हैं। उन्होंने 2000 में कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में पहली जीत दर्ज की थी। उसके बाद वह 2004 और 2009 में भी इसी सीट से सांसद रहे। उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद लोकसभा से इस्तीफा देने के चलते 2012 में कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव निर्विरोध चुनी गयी थीं। 2014 के आम चुनाव में भी डिंपल ने इसी सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि साल 2019 के चुनाव में वह बीजेपी के सुब्रत पाठक से हार गई थीं।

करहल से हैं विधायक

अखिलेश यादव वर्तमान में करहल विधानसभा सीट से विधायक हैं और उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता विपक्ष हैं। वह 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में करहल सीट से पहली बार विधायक बने थे। कन्नौज में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत आगामी 13 मई को मतदान होगा। इस सीट के लिये नामांकन गुरुवार, 25 अप्रैल से शुरू हुआ है। नामांकन करने के बाद अखिलेश ने आरोप लगाया, 'भाजपा की जो नकारात्मक राजनीति है, वह खत्म होगी। भाईचारे का एक दौर शुरू होगा जो कन्नौज में विकास और खुशहाली लाएगा।

तेज प्रताप यादव का कटा टिकट

समाजवादी पार्टी ने इससे पहले कन्नौज लोकसभा सीट से मैनपुरी के पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव को उम्मीदवार बनाया था। बुधवार को अखिलेश यादव ने खुद से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया और तेज प्रताप यादव का टिकट कटा दिया। 2014 से 2019 तक मैनपुरी से सांसद रहे तेज प्रताप बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के दामाद हैं और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भतीजे हैं।

ये भी पढ़ें: सैम पित्रोदा के 'विरासत कर' धमाके से कांग्रेस की हुई किरकिरी...तो खड़गे ने PM मोदी को लिख दी चिट्ठी

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 25 April 2024 at 16:33 IST