'4 जून के बाद कांग्रेस में ज्वालामुखी विस्फोट होगा-एक धड़ा राहुल का और एक...',प्रमोद कृष्णम का धमाका

प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस के भीतर चल रहे द्वंद की ओर इशारा किया है। बड़ी भविष्यवाणी- कि 4 जून के बाद पार्टी में दो धड़े होंगे!

आचार्य प्रमोद कृष्णम | Image: Ani

Acharya Pramod Krishnam:  पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस के विभाजन की भविष्यवाणी की है। कृष्णम की भविष्यवाणी गांधी फैमिली में टूट की ओर इशारा करती है। उनके मुताबिक ज्वालामुखी धधक रहा है जो आम चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद फट जाएगा।  कृष्णम ने इसकी वजह भी बताई है।

प्रमोद कृष्णम लगातार कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ मुखर है। उन्होंने रायबरेली सीट से राहुल गांधी की दावेदारी का ऐलान होने फिर नामांकन के बाद एक्स पर तंज कसा था। कांग्रेस सांसद के शब्दों को ही आधार बना कर कागजी शेर का नाम दिया था। रायबरेली में 20 मई को पांचवें चरण में वोटिंग होनी है। नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को थम गई। पार्टी ने बिल्कुल आखिरी वक्त में पत्ते खोले थे।

कांग्रेस का विभाजन तय - प्रमोद कृष्णम

कांग्रेस से 6 साल के लिए निष्कासित आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा जो कुछ चल रहा है उससे पार्टी का विभाजन तय है। उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा- , "राहुल गांधी की जो पलायन वाली नीति है, जिस तरह से उन्होंने अमेठी को छोड़ा है, उसके बाद पूरे देश के कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का मनोबल गिर गया है।

एक धड़ा राहुल का और दूसरा प्रियंका का...

आचार्य कृष्णम यही नहीं  रुके उन्होंने आगे कहा- प्रियंका गांधी के चुनाव ना लड़ने से धीरे-धीरे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में एक ज्वालामुखी धधक रहा है जो 4 जून के बाद फटेगा। देश की आजादी के बाद कांग्रेस का एक और विभाजन होना सुनिश्चित है। 4 जून के बाद कांग्रेस दो धड़ों में बंट जाएगी। एक धड़ा होगा राहुल गांधी का और एक धड़ा होगा प्रियंका गांधी का..."

दावेदारी पर बोले शेर कागजी निकला

शुक्रवार 3 मई को कांग्रेस ने अमेठी और रायबरेली से अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया। लिस्ट जारी हुई तो स्पष्ट हुआ कि राहुल अमेठी से नहीं रायबरेली से दावेदार होंगे। इसे बीजेपी ने हार के डर से लिया गया फैसला करार दिया था। वहीं, इस ऐलान के बाद कांग्रेस के पूर्व नेता प्रमोद कृष्णम ने अपने x हैंडल पर लिखा- 'शेर काग़ज़ी' निकला। फिर बाद में मीडिया से बोले थे- राहुल गांधी को अमेठी लड़ना चाहिए था। अमेठी से भागने से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पूरे देश में ये संदेश जाएगा कि जो आदमी रोज पीएम नरेंद्र मोदी को चुनौती देता था, रोज अपने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और देश की जनता से कहता था कि डरो मत, वो खुद डर गया। मुझे लगता है कि ये कांग्रेस का दुर्भाग्य है।

ये भी पढ़ें- राहुल के अमेठी छोड़ने पर स्मृति ईरानी की पहली प्रतिक्रिया, बोलीं-वोटिंग से पहले ही हार, स्वागत में..
 

Published By : Kiran Rai

पब्लिश्ड 4 May 2024 at 14:19 IST