अपडेटेड 10 April 2024 at 17:39 IST
BJP 10th List : चंडीगढ़ से किरण खेर का कटा टिकट, अब संजय टंडन के सामने हैट्रिक लगाने की होगी चुनौती
बीजेपी ने चंडीगढ़ से सांसद किरण खेर का टिकट काट दिया है। पार्टी ने चंडीगढ़ सीट के लिए किरण खेर की जगह संजय टंडन को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है।
Chandigarh Lok Sabha Seat: भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र शासित राज्यों में शामिल चंडीगढ़ के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। बीजेपी ने पिछली दो बार की सांसद किरण खेर का इस बार टिकट काट दिया है। पार्टी ने चंडीगढ़ की एकमात्र लोकसभा सीट के लिए मौजूदा सांसद किरण खेर की जगह संजय टंडन को पार्टी का उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है।
किरण खेर चंडीगढ़ से मौजूदा सांसद हैं। वो बीजेपी के टिकट पर पहली बार 2014 में चंडीगढ़ से सांसद बनी थीं। उन्होंने 2019 में चंडीगढ़ से फिर से जीत हासिल की थी। बीजेपी को तीसरी बार चंडीगढ़ में जीत की उम्मीद है, जिसके लिए पार्टी ने उम्मीदवार बदलते हुए किरण खेर की जगह संजय टंडन पर दांव लगाया है। ऐसे में अब संजय टंडन के सामने भी चंडीगढ़ में बीजेपी के भरोसे पर खरा उतरने की चुनौती होगी। साथ में यहां तीसरी बार पार्टी का कमल खिलाने की जिम्मेदारी भी होगी।
संजय टंडन कौन हैं?
संजय टंडन भाजपा की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष रह चुके हैं। वो वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के सह-प्रभारी भी हैं। संजय टंडन छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल दिवंगत बलरामजी दास टंडन के बेटे हैं।
यह भी पढ़ें: सपा ने जारी किया लोकसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र
चंडीगढ़ के पिछले दो लोकसभा चुनाव
2019 के आंकड़ों के मुताबिक, चंडीगढ़ में 6.15 लाख से अधिक मतदाता हैं, जिनमें से करीब 4.56 लाख मतदाताओं ने अपना मत का इस्तेमाल किया था। मतलब करीब 74.2 प्रतिशत वोट पड़े। इस चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर किरण खेर को जीत मिली। उन्होंने 46970 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। किरण खेर को 231,188 वोट मिले। कांग्रेस ने पवन बंसल पर दांव लगाया था, जो 184,218 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर आए।
2014 में भी किरण खेर को जीत मिली थी। 2019 की तरह कांग्रेस के प्रत्याशी पवन बंसल दूसरे नंबर पर आए। उस समय किरण खेर 69642 वोटों के अंतर से जीतीं। उन्हें 191,362 वोट मिले थे, जबकि पवन बंसल के खाते में 121,720 वोट आए।
अहम बात ये कि 2014 और 2019, दोनों ही चुनावों में आम आदमी पार्टी यहां तीसरी नंबर पर रही।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 10 April 2024 at 17:16 IST