अपडेटेड 13 November 2024 at 08:34 IST

झारखंड में पहले चरण के लिए 43 सीटों पर वोटिंग शुरू, पूर्व CM समेत इन बड़े नेताओं की किस्मत दांव पर

झारखंड में लोकतंत्र के महापर्व का आगाज आज से हो चुका है। राज्य में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं जिनमें से पहले चरण के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं।

Follow :  
×

Share


Voting | Image: ANI

Jharkhand Vidhan Sabha Election 2024: झारखंड में लोकतंत्र के महापर्व का आगाज आज से हो चुका है। राज्य में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं जिनमें से पहले चरण में 43 सीटों के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। जबकि दूसरे चरण में 38 सीटों के लिए 20 नवंबर को वोटिंग होगी।

बात करें नतीजों की तो चुनाव परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। इस चरण में 81 में से 43 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई है। साथ ही ईवीएम की कड़ी निगरानी की जा रही है।

झारखंड में 43 सीटों पर मतदान

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए जिन 43 सीटों पर मतदान हो रहे हैं उनमें कोडरमा, बड़कागांव, हजारीबाग, सिमरिया, बरकट्ठा, बरही, चतरा, बहरागोड़ा, घाटशिला, जमशेदपुर पूर्व, जमशेदपुर पश्चिम, ईचागढ़, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, पोटका, जुगसलाई,  मनोहरपुर, चक्रधरपुर, खरसांवा, तमाड़, सिसई, गुमला, विशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा, लोहरदगा, मनिका, लातेहार, पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा, भवनाथपुर, तोरपा, खूंटी, रांची, हटिया, कांके और मांडर शामिल हैं।

कई कई दिग्गजों की साख दांव पर

पहले चरण के मतदान में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, सरयू राय, बन्ना गुप्ता, चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन, रामदास सोरेन, पूर्णिमा दास, डॉ अजय कुमार और मंगल कालिंदी जैसे कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर है। रांची सीट पर दो बड़े नेताओं के बीच कड़ी टक्कर हो रही है। बीजेपी के दिग्गज नेता चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह के सामने JMM की राज्यभा सांसद महुआ मांझी चुनाव लड़ रही हैं। वहीं सीएम हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी सोरेन सेंट फ्रांसिस में बने पोलिंग बूथ पर वोट डालेंगे। वहीं पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उनकी पत्नी साक्षी धोनी शामली के जवाहर विद्या मंदिर के स्कूल में मतदान करेंगे।

झारखंड में इन नेताओं के बीच मुकाबला

झारखंड की सरायकेला, जमशेदपुर, कोल्हना, तमाड़ और जगन्नाथपुर पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। इन सीटों पर बड़े नेताओं के बीच कड़ा मुकाबला है। सरायकेला में बीजेपी नेता चंपई सोरेन की टक्कर जेएमएम के गणेश महाली से है। जमशेदपुर में पूर्व में बीजेपी की पूर्णिमा दास और कांग्रेस के डॉ अजय कुमार आमने-सामने हैं।

वहीं जमशेदपुर पश्चिम सीट पर एनडीए की सहयोगी जदयू के सरयू राय के सामने कांग्रेस के बन्ना गुप्ता हैं। गढ़वा सीट पर जेएमएम नेता और कैबिनेट मंत्री मिथिलेश ठाकुर का मुकाबला पूर्व भाजपा विधायक सत्येंद्र तिवारी से है। भवनाथपुर में बीजेपी के निवर्तमान विधायक भानु प्रताप शाही के सामने झामुमो नेता अनंत प्रताप देव चुनौती पेश कर रहे हैं। हुसैनाबाद में भाजपा के कमलेश सिंह का मुकाबला राजद प्रदेशाध्यक्ष संजय सिंह यादव के साथ है।

इस बार कोल्हान पर सभी की निगाहें टिकी हुई है। साल 2019 में कोल्हान संभाग की सभी सीटों पर भारतीय जनता पार्टी को हार मिली थी। हालांकि इस बार कोल्हान के टाइगर चंपई सोरेन बीजेपी के साथ हैं। ऐसे में बीजेपी को जीत की उम्मीद है। इसके अलावा लोहरददगा सीट पर निवर्तमान वित्त मंत्री और कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव का मुकाबला आजसू के नीरू शांति भगत के साथ है।

तमाड़ सीट से जेडीयू के राजा पीटर और झामुमो नेता विकास मुंडा आमने-सामने हैं। वहीं जगन्नाथपुर से पूर्व सीएम मधु कोड़ा की पत्नी और भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा के सामने कांग्रेस के सोनाराम सिंकू हैं। घाटशिला से चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। बाबूलाल सोरेन के सामने झामुमो के निवर्तमान विधायक रामदास सोरेन हैं।

यह भी पढ़ें: Jharkhand Assembly Election : झारखंड में पहले चरण की वोटिंग आज, कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू


 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 13 November 2024 at 08:33 IST