'घुसपैठियों को संरक्षण दे रही सरकार, उखाड़ फेंकें...', रांची में गरजे हिमंता बिस्वा सरमा
रांची ने CM हिमंता ने आरोप लगाया कि घुसपैठिए आदिवासी महिलाओं से शादी कर रहे हैं और उनकी जमीन हड़प रहे हैं।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read
Himanta attack JMM- Congress : झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन सरकार पर बांग्लादेशी घुसपैठियों को ‘संरक्षण’ देने का आरोप लगाते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को मतदाताओं से राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एकजुट होने की अपील की।
रांची जिले के खिजरी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शर्मा ने दावा किया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वर्ष 2019 के चुनाव से पहले लोगों से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रहे हैं।
‘घुसपैठ के कारण हिंदू और आदिवासी आबादी घट रही’
उन्होंने दावा किया, ‘‘झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार वोट बैंक की राजनीति के लिए बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देती है। घुसपैठ के कारण हिंदू और आदिवासी आबादी घट रही है। साहेबगंज में मुस्लिम आबादी 35 प्रतिशत तक पहुंच गई है।’’ शर्मा ने आरोप लगाया कि घुसपैठिए आदिवासी महिलाओं से शादी कर रहे हैं और उनकी जमीन हड़प रहे हैं।
‘सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एकजुट हों’
उन्होंने कहा, ‘‘हम घुसपैठियों को भूमि हस्तांतरण रोकने के लिए एक कानून लाएंगे। मैं मतदाताओं से झारखंड की झामुमो नीत गठबंधन सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एकजुट होने की अपील करता हूं।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता ने कहा कि अगर उनकी पार्टी राज्य में सत्ता में आती है तो वह लोगों को 2.87 लाख सरकारी नौकरियां देगी।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 12 November 2024 at 23:43 IST