अपडेटेड 21 August 2024 at 12:23 IST

'नीति नहीं, नीयत में खोट और नेतृत्व भी...' CM नायब सैनी ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास नीति नहीं है और उनकी नीयत में भी खोट है।

Follow :  
×

Share


नायब सिंह सैनी | Image: ani

CM Nayab Singh Saini: हरियाणा में चुनावी बिगुल बज चुका है। राज्य में 1 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि 4 अक्टूबर को नतीजों की घोषणा की जाएगी। ऐसे में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने अपनी कमर कस ली है। इस बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। 

सीएम नायब सैनी ने अंबाला में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास नीति नहीं है। उनकी नीयत में भी खोट है और उनका नेतृत्व भी ठीक नहीं है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में तीसरी बार उनके नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है।

'आपका बेटा अंबाला की चारों सीटें मांग रहा'

हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि पीएम मोदी ने किसान परिवार के गरीब बेटे को हरियाणा की जिम्मेदारी दी है। मैंने अंबाला जिलाध्यक्ष के रूप में यहां काम किया है। आपका बेटा आप लोगों से अंबाला की चार की चार सीटें मांग रहा है। आपको विश्वास दिलाता हूं किसी के सम्मान को कम नहीं होने दूंगा।

'अंगद की तरह पैर जमाने का काम…'

मुख्यमंत्री सैनी ने आगे कहा कि हरियाणा के अंदर तीसरी बार आपके बेटे के नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है, यह हरियाणा की जनता ने ये तय कर दिया है। अंगद की तरह पैर जमाने का काम हमारी सरकार करेगी।

बीजेपी सत्ता बरकरार रखेगी 

इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा था कि बीजेपी हरियाणा में बड़े जनादेश के साथ सत्ता बरकरार रखेगी और विकास की गति तेज होगी। बीजेपी की ताकत ये है कि हरियाणा में 10 साल से सत्ता पर काबिज है और उसके पास बूथ स्तर तक मजबूत संगठन है।

1 अक्टूबर को होगा मतदान

चुनाव आयोग ने जम्मू-कश्मीर के साथ हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए तारीख की घोषणा की है। हरियाणा में 1 अक्टूबर को एक ही चरण में मतदान होगा और वोटों की गिनती 4 अक्टूबर को होगी। चुनाव के लिए नामांकन 5 सितंबर से शुरू होंगे। 

यह भी पढ़ें: हरियाणा: शुरू हुए सियासी दांव, BJP लगाएगी हैट्रिक या कांग्रेस की होगी सत्ता वापसी; किसमें कितना दम?

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 21 August 2024 at 12:23 IST