Delhi: चुनाव में पूर्व बस मार्शलों की एंट्री, उम्मीदवार घोषित; केजरीवाल के खिलाफ भी उतारा कैंडिडेट
दिल्ली में पूर्व बस मार्शलों ने चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। वो जनहित दल की तरफ से चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले दिन उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की गई।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read
Delhi Assembly Elections: अक्टूबर 2023 में बसों से बाहर धकेल दिए गए मार्शल अब नेता बनकर दिल्ली के चुनावी अखाड़े में उतरने जा रहे हैं। दिल्ली में बस मार्शलों का मुद्दा पिछले कुछ दिनों से उठ रहा है, क्योंकि आपसी राजनीति में तकरीबन सिविल डिफेंस वालंटियर्स, जो बसों में मार्शल पद पर तैनात थे, उनकी वापसी नहीं हुई है। ऐसे में बस मार्शल अब खुद राजनीति के मैदान में दांव लगाने उतर रहे हैं।
दिल्ली में पूर्व बस मार्शलों ने चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। वो जनहित दल की तरफ से चुनाव लड़ रहे हैं। दिल्ली में अभी चुनाव की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन आम आदमी पार्टी की तर्ज पर आगे बढ़ते हुए चुनाव लड़ने वाले पूर्व बस मार्शलों की लिस्ट जारी कर दी गई है। पहली लिस्ट में 5 पूर्व मार्शलों को उम्मीदवार बनाया गया है। नई दिल्ली विधानसभा सीट से पूर्व मार्शल आदित्य राय को AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कैंडिडेट बनाया गया है।
जनहित पार्टी के 6 उम्मीदवारों की लिस्ट
नई दिल्ली सीट: पूर्व बस मार्शल आदित्य राय
तिमारपुर: राकेश रंजन श्रीवास्तव
मुस्तफाबाद: पूर्व बस मार्शल ललित भाटी
नरेला सीट: पूर्व बस मार्शल श्यामो देवी
मुंडला: पूर्व बस मार्शल प्रवीण कुमार
बुराड़ी: पूर्व बस मार्शल अनिल कुमार
AAP ने दिल्ली में सभी सीटों पर कैंडिडेट उतारे
जनहित दल से पहले दिल्ली में आम आदमी पार्टी सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार चुकी है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री आतिशी को कालकाजी सीट, सत्येंद्र कुमार जैन शकूर बस्ती से, सोमनाथ भारती मालवीय नगर सीट, सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश से, मनीष सिसोदिया इस बार पटपड़गंज की जगह जंगपुरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी अकेले चुनाव लड़ रही है, इसलिए INDI गठबंधन में साझीदार कांग्रेस भी अपने उतार रही है। पिछले दिनों कांग्रेस की तरफ से 21 उम्मीदवारों की लिस्ट सामने आई, जिसमें संदीप दीक्षित को अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नई दिल्ली सीट से टिकट दिया गया। हालांकि अभी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी ने कैंडिडेट नहीं उतारे हैं।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 21 December 2024 at 15:02 IST