अपडेटेड 27 January 2025 at 18:47 IST
Delhi Elections: 'दिल्ली के पानी में BJP ने जहर मिलाया, हमने सामूहिक नरसंहार से बचाया', केजरीवाल ने लगाए गंभीर आरोप, बवाल तय
Delhi Election: अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर दिल्ली की जलापूर्ति में जहर मिलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने लोगों से BJP को समर्थन ना देने का आग्रह किया।
Delhi Election: दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही सियासी पारा हाई हो गया है। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला और भी तेज हो गया है। इस बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर बेहद गंभीर आरोप लगाया है। आप प्रमुख ने बीजेपी के ऊपर 'दिल्ली की जलापूर्ति में जहर मिलाने' का आरोप लगाया और नागरिकों से BJP का समर्थन न करने का आग्रह किया।
नई दिल्ली से आप उम्मीदवार ने कहा, "भाजपा ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश से दिल्ली आने वाली जलापूर्ति में जहर मिला दिया है। हमारे इंजीनियरों ने जहरीले पानी का पता लगाकर दिल्ली के लोगों को "सामूहिक नरसंहार" से बचाया।"
मीडिया को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा की हरकतें दुश्मन देशों की हरकतों जैसी हैं, जिनका उद्देश्य दिल्ली के लोगों को मारना है। उन्होंने नागरिकों से भाजपा का समर्थन न करने का आग्रह किया, उन्हें कथित तौर पर जलापूर्ति में जहर मिलाने के लिए जिम्मेदार ठहराया।
दिल्ली जल बोर्ड करता है राजधानी में जलापूर्ति
यह ध्यान देने वाली बात है कि दिल्ली की जल आपूर्ति का प्रबंधन दिल्ली जल बोर्ड द्वारा किया जाता है, जो जल उपचार संयंत्रों, बूस्टर पंपिंग स्टेशनों और वितरण प्रणालियों के एक कुशल नेटवर्क के माध्यम से प्रति व्यक्ति प्रतिदिन औसतन 50 गैलन फिल्टर्ड पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करता है।
AAP की 15 गारंटियों में तीन वादे पुराने
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली चुनाव 2025 के लिए अपना मेनिफेस्टो जारी कर दिया। इस घोषणापत्र में दिल्ली की जनता को AAP की सरकार फिर बनने पर 15 गारंटी दी गई हैं, जिन्हें अगले 5 साल में पार्टी ने पूरा करने का वादा किया। दिल्ली के पूर्व CM ने अरविंद केजरीवाल ने इस दौरान माना कि उन्होंने साल 2020 में किए गए तीन वादे पूरे नहीं किए। AAP का मेनिफेस्टो जारी करते हुए अरविंद केजरीवाल ने उन 3 कामों को अपना सपना बताया। साथ ही यह भी वादा किया कि अगले 5 सालों में इसे जरूर पूरा करेंगे।
साल 2020 में किए ये 3 वादे पूरे नहीं कर पाए- केजरीवाल
AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा, "आज हम केजरीवाल की 15 गारंटी जारी कर रहे हैं, जो अगले 5 साल में पूरी होंगी।" उन्होंने कहा कि इनमें से 3 गारंटी मैंने 2020 में दी थी। इसमें 24 घंटे साफ पानी, यमुना साफ करने का वादा और दिल्ली के सड़कों को यूरोपीय स्टैंडर्ड का बनाना शामिल हैं।
केजरीवाल ने कहा, “हमने 2020 में कहा था कि हर घर में 24 घंटे साफ पानी का इंतजाम करेंगे। हमने कहा था यमुना साफ करेंगे। हमने कहा था कि दिल्ली की सड़कों को यूरोपियन स्टैंडर्ड का बनाएंगे, एकदम साफ-सुधरी और शानदार सड़कें बनाएंगे कि कोई भी आए तो देखें और कहें कि हां, दिल्ली देश की राजधानी हैं। अच्छी है, सुंदर हैं। ये 3 गारंटी 2020 में की थी। आज सामने कबूल कर रहा हूं कि पिछले 5 सालों में हम ये तीन काम नहीं कर पाए।"
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 27 January 2025 at 18:47 IST