अपडेटेड 27 January 2025 at 16:08 IST
'राहुल गांधी करेंगे आप को Kiss...', BJP के नेता ने कांग्रेस सांसद और केजरीवाल की दिल्ली में सांठगांठ की ओर किया इशारा
राहुल गांधी दिल्ली के विधानसभा चुनाव से गायब हैं। 13 जनवरी को उन्होंने सिर्फ सीलमपुर में रैली की थी। उसके बाद 3 रैलियां वो कैंसिल कर चुके हैं।
Delhi Assembly Elections: क्या दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने पर्दे के पीछे हाथ मिला लिया है? भारतीय जनता पार्टी लगातार इस ओर इशारा कर रही है। वो इसलिए कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान में लगभग हफ्ते भर का ही समय बचा है, लेकिन कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी राष्ट्रीय राजधानी में चुनावी रण से गायब हैं। ऐसे में बीजेपी के नेता लगातार कांग्रेस सांसद और केजरीवाल के बीच सांठगांठ होने का अंदेशा लगा रहे हैं। सोमवार को संबित पात्रा ने भी इसका जिक्र किया है।
बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के Kiss-Miss की कहानी बता रहे हैं। संबित पात्रा कहते हैं- 'सोमवार को राहुल गांधी महू जा रहे हैं। दिल्ली में वो गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में नहीं दिखे। दिल्ली में कांग्रेस ने ये बोलते हुए कि राहुल गांधी की तबीयत खराब है, इसलिए कैंपेन में उनकी इमरान प्रतापगढ़ी को भेज दिया। ये Kiss-Miss कहानी है।' बीजेपी प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा- 'अगर राहुल गांधी करेंगे AAP को Kiss तो कैसे नहीं करेंगे आम आदमी पार्टी के खिलाफ कैंपेन को Miss।'
दिल्ली की चुनावी लड़ाई से राहुल गांधी नदारद
दिल्ली के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने सीलमपुर से अपने कैंपेन का आगाज किया था। उनकी ये पहली रैली 13 जनवरी को हुई थी, लेकिन उसके बाद से कांग्रेस सांसद ने दिल्ली में एक भी जगह चुनाव प्रचार नहीं किया है। अहम ये है कि कांग्रेस ने राहुल गांधी की 3 अलग-अलग रैलियों का कार्यक्रम भी बना लिया था, जो 22 जनवरी को सदर बाजार, 23 जनवरी को मुस्तफाबाद और 24 जनवरी को मादीपुर में होने थे। हालांकि इन तीनों ही रैलियों में राहुल गांधी नहीं पहुंचे। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के बीच राहुल गांधी ने 18 जनवरी को पटना के अलावा आज मध्य प्रदेश के महू का भी दौरा कर लिया है।
दिल्ली में 5 फरवरी को चुनाव, त्रिकोणीय है लड़ाई
70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के लिए 5 फरवरी को मतदान होना है, जबकि 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। मुख्य लड़ाई आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच है, लेकिन केजरीवाल से गठबंधन नहीं बन पाने पर कांग्रेस ने दिल्ली में सभी 70 सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं, जिससे राजधानी में मुकाबला त्रिकोणीय बन चुका है। आम आदमी पार्टी यहां सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रही है तो भारतीय जनता पार्टी इस बार के चुनाव में 27 साल का सूखा खत्म करने के लिए पूरा जोर लगा रही है।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 27 January 2025 at 16:08 IST