अपडेटेड 11 April 2024 at 13:52 IST

BJP List: बीजेपी ने जारी की 11वीं लिस्ट, भदोही से कटा रमेश बिंद का टिकट... विनोद बिंद होंगे कैंडिडेट

भदोही से बीजेपी ने सांसद रमेश बिंद का पत्ता काट दिया है। नए चेहरे के रूप में पार्टी ने यहां से विनोद कुमार बिंद को टिकट दिया है। बिंद मझवां सीट से विधायक हैं।

Follow :  
×

Share


बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा | Image: PTI

BJP New List: भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी कर दी है। नई लिस्ट में बीजेपी ने सिर्फ एक उम्मीदवार का नाम घोषित किया है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश की भदोही सीट से विनोद कुमार बिंद को मैदान में उतारा है। यहां से पार्टी ने मौजूदा सांसद रमेश बिंद का टिकट काट दिया है।

भदोही सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने मौजूदा सांसद रमेश बिंद का टिकट काटकर विनोद कुमार बिंद को दिया है। विनोद कुमार बिंद अभी मझवां सीट से विधायक हैं। भदोही से INDI गठबंधन की तरफ से तृणमूल कांग्रेस के कैंडिडेट ललितेश पति त्रिपाठी चुनाव लड़ रहे हैं।

10 अप्रैल को UP में घोषित किए 7 उम्मीदवार

इसके पहले बीजेपी ने बुधवार को 10वीं लिस्ट में उत्तर प्रदेश की 7 सीटों पर टिकटों का ऐलान किया, जिसमें बड़े-बड़े नाम शामिल थे। बलिया सीट से पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर को उतारा गया है। इलाहाबाद (प्रयागराज) सीट से उत्तर प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और सीनियर वकील केसरीनाथ त्रिपाठी के बेटे नीरज त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया गया है। हालांकि इलाहाबाद से रीता बहुगुणा जोशी का टिकट कटा है।

बीजेपी ने मैनपुरी से डिंपल यादव के खिलाफ योगी सरकार में मंत्री जयबीर सिंह को टिकट दिया है। गाजीपुर से मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी के खिलाफ पारस नाथ राय को उतारा गया है। मछलीशहर से बीपी सरोज, कौशांबी से विनोद सोनकर और फूलपुर सीट से प्रवीण पटेल को बीजेपी ने प्रत्याशी बनाया है।

UP में अब तक 70 सीटों पर बीजेपी ने प्रत्याशी उतारे

उत्तर प्रदेश में अभी तक बीजेपी की तरफ से 70 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है। यूपी में बीजेपी कुल 74 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। बाकी की 6 सीटें पार्टी ने NDA के सहयोगी दलों को दी हैं। जिन 4 सीटों पर बीजेपी ने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं, उनमें देवरिया, कैसरगंज,  रायबरेली और फिरोजाबाद सीटें शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: तीसरे चरण में कहां-कहां चुनाव, कब होगा मतदान? 12 अप्रैल को नोटिफिकेशन

Published By : Amit Bajpayee

पब्लिश्ड 11 April 2024 at 12:40 IST