अपडेटेड 9 November 2025 at 14:00 IST
Bihar: 'जान को खतरा है, दुश्मन मेरी हत्या...', तेज प्रताप यादव ने बताया चुनाव के बीच क्यों मिली Y Plus कैटेगरी की सुरक्षा
तेज प्रताप यादव को Y प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। अब उन्होंने बताया कि उनकी जान को खतरा है और दुश्मन उनकी हत्या करना चाहते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है।
Bihar Assembly Election: बिहार चुनाव में सियासी आरोप-प्रत्यारोप के बीच पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे और जनशक्ति जनता दल के मुखिया तेज प्रताप की सुरक्षा बढ़ा दी गई। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तेज प्रताप यादव को Y प्लस कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान करने का बड़ा फैसला लिया। अचानक लिए गए इस फैसले पर सवाल भी उठ रहे थे कि आखिरकार तेज प्रताप को किससे खतरा है कि उनकी सुरक्षा में इजाफा करना पड़ा। अब इस सवाल का जवाब तेज प्रताप ने खुद दे दिया है।
तेज प्रताप यादव को Y प्लस कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान करने का बड़ा फैसला केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लिया है। इसके तहत अब CRPF की एक सुरक्षा टीम तेज प्रताप यादव की सुरक्षा करेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तेज प्रताप यादव की सुरक्षा को लेकर सिक्योरिटी एजेंसियों द्वारा एक रिपोर्ट सौंपी गई थी, जिसके बाद गृह मंत्रालय ने उन्हें सुरक्षा देने का फैसला लिया। अब इस फैसले पर तेज प्रताप ने मीडिया से बातचीत में अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि उनकी जान को गंभीर खतरा है।
लोग लगे हुए हैं मुझे मरवाने के लिए-तेज प्रताप
जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने कहा, "मेरी सुरक्षा बढ़ा दी गई है क्योंकि मुझे खतरा है। ये लोग मुझे मरवा भी देंगे। सब दुश्मन लगे हुए हैं, मेरी हत्या की साजिश है। वहीं, जब पत्रकारों ने तेज प्रताप से पूछा कि क्या आपको जयचंद से खतरा है? इसके जवाब में उन्होंने बिना नाम लिए कहा, अब हैं दुश्मन, सब लगा हुआ है। इसलिए मेरी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।"
तेज प्रताप ने भाई तेजस्वी को दी जन्मदिन की बधाई
वहीं, तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी को जन्मदिन पर बधाई भी देते हुए कहा, जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं, उज्ज्वल भविष्य हो, और वे बहुत आगे बढ़ें। उन्हें मेरा आशीर्वाद है। बता दें कि तेज प्रताप यादव ने केंद्र से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की थी। केंद्र ने उनकी मांग को स्वीकार कर लिया है, अब तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में चौबीस घंटे 11 कमांडो तैनात रहेंगे। यह कदम तेज प्रताप यादव की राजनीतिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, क्योंकि उन्हें परिवार और पार्टी से अलग करने के बाद उन्होंने 'जनशक्ति जनता दल' नाम से अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाई है। तेज प्रताप जिस महुआ सीट से अपनी सियासी किस्मत आजमा रहे हैं, वहां पहले चरण का मतदान पूरा हो चुका है, ऐसे में चुनाव नतीजों वाले दिन (14 नवंबर) को ही उनकी किस्मत का फैसला होगा।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 9 November 2025 at 14:00 IST