बिहार में तेजस्वी नहीं राहुल गांधी हैं महागठबंधन का चेहरा! CM फेस पर 'तनाव' के बीच पप्पू यादव का बड़ा बयान
बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ने से इंडी गठबंधन को फायदा पहुंचेगा।
Bihar Elction: बिहार में चुनावी माहौल गर्म है। इस बीच कई सवाल उठ रहे हैं कि बिहार की राजनीति में राहुल गांधी का कितना प्रभाव है? महागठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा? इन सबके बीच बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि बिहार में महागठबंधन का जनाधार मजबूत है।
महागठबंधन के सीएम चेहरे पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि जनता महागठबंधन को अपना वोट देने के लिए आतुर है। वह इंडी गठबंधन की सरकार चाहते हैं। हम हर परिस्थिति में राहुल गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं।
फ्रेंडली फाइट का कोई मतलब नहीं- पप्पू यादव
पप्पू यादव ने फ्रेंडली फाइट से जुड़े सवाल पर कहा, 'मैं पहले से कह रहा हूं कि मैत्रीपूर्ण लड़ाई का कोई औचित्य नहीं है। इसका संदेश गलत जा रहा है। जो सीट कांग्रेस की है उस पर आप (राजद) कैसे चुनाव लड़ सकते हैं? यह गलत है।'
'राहुल गांधी के चेहरे पर चुनाव लड़ने से फायदा'
उन्होंने आगे कहा, 'मेरी राय है कि ये लड़ाई प्रधानमंत्री मोदी बनाम राहुल गांधी की ही है। यदि ऐसा होता है तो इंडी गठबंधन को इससे लाभ मिलेगा। हर परिस्थिति में राहुल गांधी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ने से इंडी गठबंधन को फायदा पहुंचेगा।'
'CM फेस की चर्चा चुनाव के बाद'
पप्पू यादव कहते हैं कि जब हम राहुल गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे, तो पिछड़े समुदाय, SC, ST का वोट हमें मिलेगा। सीएम का चेहरा चुनाव के पहले तय करना जरूरी नहीं है। यह महागठबंधन के लिए ठीक नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद जिस किसी को भी मुख्यमंत्री बनाना होगा उसे बना दिया जाएगा। लेकिन चुनाव से पहले चेहरा राहुल गांधी ही होना चाहिए।
गठबंधन के साथ ही जीतना संभव- पप्पू यादव
उन्होंने यह भी कहा कि अकेले चुनाव जीतना मुश्किल है। इंडी गठबंधन के सभी सदस्य सीपीआई, सीपीएम, आरजेडी, माले मिलकर ही चुनाव लड़ेंगे। साथ ही दावा किया कि पूर्णिया जिले की चारों विधानसभा सीट पर कांग्रेस ही जीत हासिल करेगी।
बिहार में चुनाव कब?
बता दें कि बिहार में दो चरणों में मतदान होना है, पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। वहीं 14 नवंबर को नतीजों का ऐलान किया जाएगा।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 22 October 2025 at 12:33 IST