अपडेटेड 21 October 2025 at 18:54 IST

तू डाल-डाल मैं पात-पात... महागठबंधन में हो क्या रहा है? सीट शेयरिंग में फंसा पेच तो 13 सीटों पर आपस में ही भिड़े सहयोगी दल

Bihar Election: प्रदेश में पहले चरण का चुनाव गुरुवार 6 नवंबर 2025 को होगा। दूसरे चरण का चुनाव मंगलवार 11 नवंबर 2025 को होगा। पहले फेज में कुल 121 सीटों के लिए वोटिंग होगी वहीं, दूसरे फेज में कुल 122 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी।

Follow :  
×

Share


दीपांकर भट्टाचार्य, तेजस्वी यादव, राहुल गांधी और मुकेश सहनी | Image: Official X (Twitter) Handle

Bihar Election: बिहार में वैसे तो चुनावी लड़ाई महागठबंधन और एनडीए की बीच में मानी जा रही है। लेकिन यहां पर कई ऐसी विधानसभा सीटें हैं, जिनपर महागठबंधन के उम्मीदवार ही आपस में भिड़ते हुए दिख रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि तू डाल-डाल तो मैं पात-पात…, ये आपस में ही फाइट कर रहे हों। बिहार में विधानसभा की सीटों की संख्या 243 है और महागठबंधन की ओर से करीब 256 लोगों को प्रत्याशी बना दिया गया है।

जी हां, बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जहां एनडीए ने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है, वहीं, महागठबंधन ने भी कर दी है लेकिन इनमें से करीब 13 सीटों को लेकर अभी भी पेच फंसा हुआ है। प्रदेश में ऐसी विधानसभा सीटें हैं, जहां पर महागठबंधन के नेता आमने-सामने हैं।  

इन 13 सीटों पर आमने-सामने हैं महागठबंधन के प्रत्याशी

  1. बिहारशरीफ: नालंदा जिले की बिहारशरीफ विधानसभा सीट से महागठबंधन के नेता आमने-सामने हैं। यहां से कांग्रेस के उमर खान चुनाव लड़ रहे हैं तो सीपीआई के शिवकुमार यादव ने भी नामांकन करा लिया है।
  2. वैशाली: वैशाली जिले की इस सीट पर कांग्रेस के संजीव कुमार और राजद के अजय कुशवाहा आमने-सामने हैं। इन दोनों के लड़ने से महागठबंधन को फायदा नहीं बल्कि नुकसान दिख रहा है।
  3. कहलगांव: भागलपुर जिले के कहलगांव से कांग्रेस के प्रवीण कुमार कुशवाहा और राजद के रजनीश यादव आमने-सामने हैं।
  4. आलमनगर: मधेपुरा की इस सीट से नवीन कुमार ने राजद और वीआईपी दोनों पार्टियों के सिंबल पर नामांकन भरा है।
  5. राजा पाकर: वैशाली जिले की इस विधानसभा सीट से कांग्रेस की प्रतिमा दास और भाकपा-माले के मोहित पासवान आमने-सामने हैं।
  6. बछवारा: समस्तीपुर जिले की इस सीट से कांग्रेस के शिव प्रकाश गरीब दास और भाकपा-माले के अबदेश कुमार राय आमने-सामने हैं।
  7. नरकटियागंज: यहां से राजद के दीपक यादव और कांग्रेस के शाश्वत केदार पांडे आमने-सामने हैं। 
  8. बेलदौर: इस सीट से इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी की अनीशा चौहान और कांग्रेस के मिथिलेश निषाद आमने-सामने हैं। 
  9. चैनपुर: इस सीट से विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के बाल गोविंद बिंद और राजद के बृज किशोर बिंद आमने-सामने हैं। 
  10. सिकंदरा: यहां से कांग्रेस के विनोद कुमार चौधरी और राजद के उदय नारायण चौधरी आपस में ही भिड़ रहे हैं। 
  11. सुल्तानगंज: यहां से राजद के चंदन कुमार सिन्हा और कांग्रेस के ललन कुमार आमने-सामने हैं। 
  12. वारसलीगंज: यहां से कांग्रेस के सतीश कुमार और राजद की अनिता देवी महतो चुनावी मैदान में महागठबंधन में आपस में ही भिड़ गईं हैं।
  13. करहर: इस विधानसभा सीट से कांग्रेस के संतोष कुमार मिश्र और भाकपा के महेंद्र प्रसाद गुप्ता आमने-सामने हैं।

दो चरणों में हो रहा है बिहार की 243 विस सीटों पर चुनाव

बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें (विस)हैं, जिनके लिए वोटिंग होनी है। बीते दिनों भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार में कुल 2 चरणों में विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की थी। प्रदेश में पहले चरण का चुनाव गुरुवार 6 नवंबर 2025 को होगा। दूसरे चरण का चुनाव मंगलवार 11 नवंबर 2025 को होगा। पहले फेज में कुल 121 सीटों के लिए वोटिंग होगी वहीं, दूसरे फेज में कुल 122 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी।

इसके नतीजे 14 नवंबर 2025 दिन शुक्रवार को आएंगे। किसी भी पार्टी या गठबंधन को बिहार में अपनी सरकार बनाने को लेकर बहुमत के लिए 122 सीटों पर जीतना जरूरी है।

 

ये भी पढ़ें - चुनावी सभा के बाद CM नीतीश ने BJP महिला उम्मीदवार को पहना दी माला; रोका तो भड़के- 'ई गजब आदमी है भाई...', तेजस्वी ने ली चुटकी, VIDEO
 

Published By : Amit Dubey

पब्लिश्ड 21 October 2025 at 18:53 IST