अपडेटेड 15 November 2025 at 19:29 IST
मोदी-नीतीश की लहर में HAM ने निकाल ली 5 सीटें, लेकिन '15 सीट वाली टीस' भुलाए नहीं भूल रहे जीतन राम मांझी; बताया कौन बनेगा मुख्यमंत्री
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा ने 6 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें 5 सीट पर जीत मिली है। रिपब्लिक भारत से बात करते हुए जीतन राम मांझी ने कहा "हमारी स्ट्राइक रेट शानदार रही। 6 सीटों पर लड़े, 5 जीत हासिल की। हमने 15 सीटें मांगी थीं, अगर मिलतीं तो कम से कम 12 जीत जाते।"
Bihar Election Eesults : बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की जबरदस्त जीत ने पूरे नेताओं को उत्साह से भर दिया है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA ने विपक्ष को करारी शिकस्त दी और अब सत्ता गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी बीच हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने रिपब्लिक भारत को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कई अहम राज खोले।
जीतन राम मांझी ने NDA की जीत के पीछे महिलाओं की भूमिका, विपक्ष की नाकामी और अपनी पार्टी की रणनीति पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे, इसमें कोई शक नहीं, लेकिन उन्हें चुनाव परिणाम आने के बाद भी NDA में 6 सीट मिलने की टीस खाए जा रही है।
'15 सीटें मिलती, तो 12 जीत जाते'
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा ने 6 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें 5 सीट पर जीत मिली है। रिपब्लिक भारत से बात करते हुए जीतन राम मांझी ने अपनी पार्टी HAM के प्रदर्शन पर गर्व जताया। उन्होंने कहा
"हमारी स्ट्राइक रेट शानदार रही। 6 सीटों पर लड़े, 5 जीत हासिल की। हमने 15 सीटें मांगी थीं, अगर मिलतीं तो कम से कम 12 जीत जाते। तब हम मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय पार्टी बन जाते। हमें कम आंका गया। हम चिराग पासवान की तरह मुंह-हाथ चमकाकर बारगेनिंग नहीं करते, इसलिए पिछड़ गए।"
दरअसल, जीतन राम मांझी ने NDA से 15 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग की थी, लेकिन उन्हें 6 ही सीट मिल पाई थी। अब उन्होंने NDA नेतृत्व से अपील की कि बिहार सरकार में जो भी हिस्सा मिले, वह उचित हो। उन्होंने अपने बेटे के लिए मंत्री पद की मांग करते हुए कहा- "मेरा बेटा जो भी पद संभालेगा, वह पार्टी के हित में होगा। हमें देखना है कि मंत्री पद कितने और क्या मिलेंगे।"
विपक्ष के 'हवा-हवाई' वादों पर तंज
बिहार विधानसभा चुनाव में NDA ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। मांझी ने NDA की जीत का श्रेय महिलाओं को दिया। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान महिलाओं को दिए गए प्रोत्साहन राशि (महिला सम्मान योजना) का असर साफ दिखा। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर NDA को वोट दिया। बिहार में महिलाओं की भागीदारी रिकॉर्ड स्तर पर रही, जिसने गठबंधन को मजबूती प्रदान की।
विपक्षी महागठबंधन की करारी हार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि विपक्ष में कभी एकजुटता नहीं थी। "पीएम मोदी की मां को गाली देना, छठ पर्व का अपमान और हवा-हवाई वादे करने से जनता नाराज हो गई। वोट चोरी का मुद्दा भी चला नहीं, क्योंकि जनता सब समझती है।"
'तेजस्वी यादव को अहंकार ले डूबा'
मांझी ने विपक्ष के आंतरिक कलह पर भी चुटकी ली, खासकर लालू यादव परिवार पर। उन्होंने कहा कि "RJD को तेजस्वी यादव को अहंकार ले डूबा। उसके साथ कुछ लोग हैं जिन्होंने परिवार और पार्टी को हाईजैक कर लिया। तेजस्वी की कोई कमजोरी है, जिसे वे भुनाने की कोशिश कर रहे हैं। रोहिणी आचार्य, जो लालू जी को किडनी दान कर चुकी हैं, अगर उन्हें इतना मजबूर किया जा रहा है, तो कल्पना कीजिए उनकी तकलीफ। तेज प्रताप अच्छे हैं, लेकिन तेजस्वी ने उन्हें दूर कर दिया।"
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 15 November 2025 at 19:29 IST