अपडेटेड 14 October 2025 at 23:47 IST

Bihar Election: अपनी ढफली अपना राग... महागठबंधन में चल क्या रहा है? RJD-कांग्रेस में खींचतान के बीच माले ने कैसे जारी कर दी सूची

Bihar Election: बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं, जिनके लिए वोटिंग होनी है। बीते दिनों भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार में कुल 2 चरणों में विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की थी। प्रदेश में पहले चरण का चुनाव गुरुवार 6 नवंबर 2025 को होगा। दूसरे चरण का चुनाव मंगलवार 11 नवंबर 2025 को होगा।

Follow :  
×

Share


राहुल गांधी, दीपांकर भट्टाचार्य और तेजस्वी यादव (फाइल फोटो) | Image: ANI/Rahul Gandhi/Tejashwi Yadav/X

Bihar Election, CPI ML list 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर अब बारी-बारी से विभिन्न राजनीति दल अपने-अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर रहे हैं। प्रदेश में सबसे पहले प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने लिस्ट जारी करने की शुरुआत की थी। उसके बाद तेज प्रताप की जनशक्ति जनता दल, एनडीए की बीजेपी और हम(एस) ने भी कुछ उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। लेकिन इस बीच लोगों की निगाहें विपक्षी महागठबंधन पर भी टिकी हुई हैं।

जी हां, अभी तक महागठबंधन में सीटों का बंटवारे को लेकर आधिकारिक रूप से कोई ऐलान नहीं हुआ है। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बताया जा रहा है कि सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और राजद में खींचतान भी चल रहा है। लेकिन आज एक और बड़ा ऐलान देखा गया। यह ऐलान महागठबंधन के दल Communist Party of India (Marxist–Leninist) की ओर से हुआ है। आइए जानते हैं पूरी खबर…

CPI ML ने जारी कर दी 18 उम्मीदवारों की लिस्ट 

महागठबंधन में ऐसा लग रहा है कि अपनी ढफली अपना राग...। मतलब कि अपनी पार्टी और अपना ऐलान। महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, वामदल/CPI ML, जेएमएम पार्टियां शामिल हैं। लेकिन अभी तक सीट बंटवारा नहीं हुआ है। इसकी कोई आधिकारिक घोषणा भी नहीं हुई है कि इस गठबंधन की कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
लेकिन इस बीच पटरी से अलग जाते हुए CPI ML (माले) ने आज अपने 18 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। वहीं, इनमें से जीरादेई विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमरजीत कुशवाहा ने आज अपना नामांकन भी करा लिया है।

18 सीटों के नाम और उम्मीदवार
1. तरारी (196) - मदन सिंह चन्द्रवंशी
2. अगिआंव SC (195) - शिवप्रकाश रंजन
3. आरा (194) - कयामुद्दीन अंसारी
4. डुमरांव (201) - अजीत कुमार सिंह उर्फ अजीत कुशवाहा
5. काराकाट (213) - अरुण सिंह
6. अरवल (214) - महानंद सिंह
7. घोषी - (217) रामबली सिंह यादव
8. पालीगंज (190) - संदीप सौरभ
9. फुलवारी (188) - गोपाल रविदास
10. दीघा - (181) दिव्या गौतम
11. दरौली - (107) सत्यदेव राम
12. जीरादेई - (106) अमरजीत कुशवाहा
13. दरोंदा - (109) अमरनाथ यादव
14. भोरे - (103) जितेंद्र पासवान
15. सिकटा - (09) वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता
16. वारिसनगर (132)- फूलबाबू सिंह
17. कल्याणपुर - (131) रंजीत राम
18. बलरामपुर - (65) महबूब आलम


अब यहां सवाल यह उठ रहा है कि आखिरकार महागठबंधन में क्या चल रहा है? इसमें सीट बंटवारे में कहां पेच फंस रहा है? अगर पेच फंस रहा है तो कैसे CPI ML ने अपने 18 उम्मीदवारों की लिस्ट भी जारी कर दी?

RJD-कांग्रेस में खींचतान 

मिली जानकारी के अनुसार, महागठबंधन में राजद के तेजस्वी यादव कांग्रेस को अपने द्वारा दिए गए सीटों के ऑफर पर अड़े हुए हैं। वहीं, बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने बिहार में अपने नेताओं को कड़े निर्देश दिए हैं।

दोनों पार्टियों की दिल्ली में एक खास बैठक भी कारगर साबित नहीं हुई। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सूत्रों के हवाले से यह भी कहा जा रहा है कि कांग्रेस से तेजस्वी ने यह भी कह दिया है कि मौजूदा स्थिति में गठबंधन आगे नहीं बढ़ पाएगा। बताया गया कि दिल्ली में हाल ही में हुई बैठक में तेजस्वी यादव, राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से बिना मिले ही पटना चले गए।

टूटे से फिर न मिले, मिले गांठ परिजाय... - मनोज झा का ट्वीट

इस बीच राजद से राज्य सभा सांसद मनोज झा का एक ट्वीट काफी चर्चा में है। मनोज झा ने लालू, राबड़ी और तेजस्वी के दिल्ली से पटना लौटने के बाद एक ट्वीट किया। उन्होंने इस ट्वीट में रहिमन के दोहे को लिखा है और कहा है कि यह हर अवसर के लिए प्रासंगिक...

मनोज झा ने अपने पोस्ट में लिखा - रहिमन धागा प्रेम का, मत तोड़ो छिटकाय
टूटे से फिर न मिले, मिले गांठ परिजाय
हर अवसर के लिए प्रासंगिक...
जय हिन्द

इस दोहे का अर्थ है- प्रेम का रिश्ता नाजुक होता है, इसे झटके से नहीं तोड़ना चाहिए, क्योंकि एक बार यह टूट जाए तो फिर जुड़ता नहीं और अगर जुड़ भी जाए तो गांठ रह जाती है।

यहां बता दें कि साल 2010 में राजद और कांग्रेस ने बिहार में अलग-अलग चुनाव लड़ा था, तब राजद को 22 और कांग्रेस के खाते में 4 सीटें आईं थीं।

243 विधानसभा सीटों पर 6 और 11 नवंबर को है मतदान 

बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं, जिनके लिए वोटिंग होनी है। बीते दिनों भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार में कुल 2 चरणों में विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की थी। प्रदेश में पहले चरण का चुनाव गुरुवार 6 नवंबर 2025 को होगा। दूसरे चरण का चुनाव मंगलवार 11 नवंबर 2025 को होगा। पहले फेज में कुल 121 सीटों के लिए वोटिंग होगी वहीं, दूसरे फेज में कुल 122 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी।

इसके नतीजे 14 नवंबर 2025 दिन शुक्रवार को आएंगे। किसी भी पार्टी या गठबंधन को बिहार में अपनी सरकार बनाने को लेकर बहुमत के लिए 122 सीटों पर जीतना जरूरी है।

 

ये भी पढ़ें - 'सरकार नीतीश जी की बनेगी, हम 1 लाख वोट से जीतेंगे...', मोकामा से नामांकन के बाद अनंत सिंह का बड़ा दावा

 

Published By : Amit Dubey

पब्लिश्ड 14 October 2025 at 23:45 IST